एनएच 27 पर कार की टक्कर से भालू की मौत: कार सवार दो यात्री गंभीर घायल, नला का माताजी के निकट हुआ हादसा

ललित चावला बिजौलिया | 30 Jan 2026

कार सवार दो यात्री गंभीर घायल, नला का माताजी के निकट हुआ हादसा

बिजौलिया से लगभग 6 किलोमीटर दूर नला का माताजी क्षेत्र के पास हाईवे पर गुरुवार रात एक सड़क हादसे में भालू की मौत हो गई। कोटा की तरफ से आ रही एक कार ने सड़क पार करते समय भालू को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में कार में सवार दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर किया गया है।

टक्कर के बाद भालू की मौत, कार सवार दो यात्री गंभीर घायल

यह घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि भालू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कार अनियंत्रित होकर हाइवे के नीचे खाई में पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों की मदद से घायल यात्रियों को कार से बाहर निकाला गया। उन्हें हाइवे एम्बुलेंस द्वारा डाबी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

भालू का शव कब्जे में लेकर बिजौलिया फॉरेस्ट ऑफिस लाए 

मांडलगढ़ रेंजर विमल रैगर ने बताया कि भीलवाड़ा-बूंदी बॉर्डर पर नला का माताजी के पास जंगल से निकलकर एक वयस्क भालू सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान एक आई-20 कार ने उसे टक्कर मार दी। वन विभाग ने मृत भालू के शव को अपने कब्जे में ले लिया है और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। रेंजर विमल रैगर के अनुसार मृत भालू वयस्क था। भालू के शव का शुक्रवार को बिजौलिया फॉरेस्ट ऑफिस में पशु चिकित्सकों की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

घायल प्रेम नगर कोटा के बताए जा रहे हैं।

हेड कांस्टेबल विजय सिंह ने बताया कि कोटा नंबर की कार बिजौलिया की तरफ आ रही थी तभी यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद कार पलटकर हाईवे के नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। घायल कोटा शहर के बताए जा रहे हैं।

हाइवे पर सुरक्षा के लिए रेलिंग नहीं, दिसंबर में पैंथर भी हुआ था हादसे का शिकार

गौरतलब है कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर सुरक्षा रेलिंग नहीं होने के कारण आए दिन वन्यजीव सड़क हादसों का शिकार हो रहे हैं। दिसंबर माह में इसी स्थान पर एक मादा पैंथर भी सड़क पार करते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसे उपचार के लिए कोटा बायोलॉजिकल पार्क भेजा गया था। लगातार हो रही घटनाओं ने हाईवे पर वन्यजीव सुरक्षा इंतजामों की गंभीर कमी को उजागर कर दिया है।

Share this news:
Facebook WhatsApp