बिजौलिया में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का शुभारंभ: वंदे मातरम से गूंजा कॉलेज परिसर, अनुशासन-ध्यान व करियर मार्गदर्शन पर विशेष सत्र
ललित चावला बिजौलिया | 31 Jan 2026
बिजौलिया। राजकीय महाविद्यालय बिजौलिया में आज राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के 7 दिवसीय विशेष शिविर के प्रथम दिवस का शुभारंभ शनिवार को वंदे मातरम एवं एनएसएस गीत के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना से ओत-प्रोत नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत में एनएसएस अधिकारी एवं सहायक प्रोफेसर प्रमोद भूकर ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने एनएसएस के आदर्श वाक्य “Not Me, But You” की भावना को जीवन में आत्मसात करने का संदेश देते हुए सेवा, समर्पण और सामाजिक दायित्व की भूमिका को समझाया।
शिविर के प्रथम सत्र में कार्यवाहक प्राचार्य आदित्य देव वैष्णव ने ध्यान साधना एवं स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान स्वयंसेवकों को ध्यान का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। कुछ स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव साझा कर सत्र को और प्रभावशाली बनाया। द्वितीय सत्र में महेंद्र राज ने विद्यार्थियों को भविष्य की योजना, लक्ष्य निर्धारण, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं उपलब्ध अवसरों के प्रति जागरूक किया। सत्र के पहले दिन नैतिकता विषय पर विशेष सत्र लिया गया। इस अवसर पर रजनीश कुमार द्वारा शारीरिक शिक्षा एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।