बिजौलिया नगर पालिका में चेयरमैन पद का सस्पेंस बरकरार: 21 सितंबर को खुलेगा सियासी पत्ता

ललित चावला बिजौलिया | 15 Sep 2026

21 सितंबर को खुलेगा सियासी पत्ता

बिजौलिया। नगर पालिका चुनाव परिणाम में भाजपा 12, कांग्रेस 11 और दो निर्दलीय प्रत्याशियों के जीतने के बाद चेयरमैन पद की कुर्सी पर पेंच फंसा हुआ है। किसी भी पार्टी को चेयरपर्सन बनने के लिए बहुमत का आंकड़ा 13 लाना होगा। इसी बीच नगर पालिका के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव की तस्वीर भी साफ हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए 15 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। 16 सितंबर को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख रहेगी।

17 को होगी नामांकन पत्रों की संवीक्षा

अध्यक्ष पद के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की 17 सितंबर को संवीक्षा की जाएगी। इसके बाद 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थी नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की अवधि समाप्त होते ही चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।

21 सितंबर को होगा अध्यक्ष पद का फैसला

अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू कर परिणाम घोषित किया जाएगा। बिजौलिया नगर पालिका का अध्यक्ष पद महिला अनारक्षित वर्ग के लिए आरक्षित है। 25 वार्डों के चुनाव परिणाम के बाद नगर पालिका के पहले निर्वाचित बोर्ड की कमान किसके हाथ होगी, इसका फैसला 21 सितंबर को हो जाएगा।

22 सितंबर को चुनेंगे उपाध्यक्ष

नगर पालिका बोर्ड के गठन के बाद 22 सितंबर को उपाध्यक्ष पद का चुनाव होगा। मतदान नहीं होने की स्थिति में उपाध्यक्ष का निर्विरोध निर्वाचन होगा। मतदान होने पर मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा। इस तरह 21 सितंबर को अध्यक्ष और 22 सितंबर को उपाध्यक्ष के चुनाव के साथ बिजौलिया नगर पालिका के पहले निर्वाचित बोर्ड के दोनों प्रमुख पदों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news