सुशीला देवी धाकड़ ने संभाला सरपंच पद का कार्यभार: थड़ोदा को मॉडल पंचायत बनाने का रहेगा लक्ष्य
ललित चावला बिजौलिया | 06 Nov 2026
बिजौलिया। पंचायत समिति क्षेत्र की थड़ोदा ग्राम पंचायत में शुक्रवार को नवनिर्वाचित सरपंच सुशीला देवी धाकड़ ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के साथ ही उन्होंने ग्राम पंचायत के सर्वांगीण विकास और गांव को एक आदर्श पंचायत के रूप में विकसित करने का संकल्प व्यक्त किया। इस दौरान ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद नवनिर्वाचित सरपंच सुशीला देवी धाकड़ ने गांव के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा करते हुए कहा कि थड़ोदा ग्राम पंचायत को मॉडल पंचायत बनाना उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा। इसके लिए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहे, इस दिशा में प्राथमिकता से काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र के गरीब, जरूरतमंद और असहाय लोगों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास रहेगा। गांव के विकास में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा। सभी वार्डों और गांवों को साथ लेकर समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान छोटी बिजौलिया सरपंच कस्तूर रैगर, पूर्व उपसरपंच रतन रैगर, उप सरपंच राधेश्याम भील समस्त वार्ड पंच, पूर्व सरपंच राजेश धाकड, बाल चंद जैन, नारायण धाकड, रोशन धाकड, संजय धाकड, वीडिओ अशोक जांगिड़ के साथ ही सैकड़ों गणमान्य और ग्रामीण मौजूद थे।