LIVE पालिका चेयर पर्सन के लिए 4 प्रत्याशी मैदान में : भाजपा पार्षद हर्षेंद्रा राठौड़ और आशा देवी ने भी भरा पर्चा

ललित चावला बिजौलिया | 16 Sep 2026

भाजपा पार्षद हर्षेंद्रा राठौड़ और आशा देवी ने भी भरा पर्चा

बिजौलिया नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर आज अंतिम दिन 4 नामांकन दाखिल किए गए हैं। भाजपा की 3 और कांग्रेस की तरफ से 1 पार्षद ने चेयरमैन के लिए आज नामांकन दाखिल किया है। भाजपा की तरफ से स्नेहा तिवाड़ी ने अधिकृत प्रत्याशी के तौर पर वहीं, वार्ड 14 से भाजपा पार्षद हर्षिदा कुमारी राठौड़ और वार्ड 17 से भाजपा पार्षद आशा देवी ने भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा है। कांग्रेस ने भूमिका सुवालका को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है।

नगर पालिका चुनाव के नतीजे आने के बाद अब बिजौलिया की सियासत का पूरा फोकस चेयरपर्सन की कुर्सी पर आ गया है। 25 वार्डों के चुनाव परिणाम में भाजपा ने 12, कांग्रेस ने 11 और 2 निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। ऐसे में किसी भी दल के पास अपने दम पर बहुमत नहीं है। चेयरपर्सन बनने के लिए 13 पार्षदों का समर्थन जरूरी है। यानी दोनों प्रमुख दलों के पास बहुमत से महज एक सीट कम है और यही एक सीट अब पूरी सियासी कहानी का रुख तय कर सकती है।

इसी बीच दोनों प्रमुख दलों ने अध्यक्ष पद के लिए अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने वार्ड 4 से निर्वाचित स्नेहा तिवारी को चेयरपर्सन पद का प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने वार्ड 15 से निर्वाचित भूमिका मेवाड़ा को मैदान में उतारा है। भूमिका सुवालका ने वार्ड 15 में कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की थी।

अब मुकाबला केवल भाजपा बनाम कांग्रेस का नहीं रह गया है। असली सियासी गणित उन दो निर्दलीय पार्षदों के इर्द-गिर्द घूम रहा है, जिनके समर्थन से 13 का आंकड़ा पूरा हो सकता है। यही वजह है कि दोनों खेमों की नजर निर्दलीय पार्षदों के रुख पर टिकी हुई है।

13 का आंकड़ा और 2 निर्दलीय बने 'किंगमेकर'

बिजौलिया नगर पालिका में कुल 25 वार्ड हैं। परिणाम के बाद भाजपा के पास 12 और कांग्रेस के पास 11 पार्षद हैं। वहीं वार्ड 11 से राधेश्याम रैगर और वार्ड 19 से कुंवर सौभाग्य सिंह पंवार निर्दलीय के रूप में जीतकर आए हैं। भाजपा को बहुमत के लिए एक निर्दलीय का साथ चाहिए, जबकि कांग्रेस को बहुमत तक पहुंचने के लिए दोनों निर्दलीयो के समर्थन की जरूरत होगी। ऐसे में दोनों निर्दलीय पार्षदों की भूमिका बेहद अहम हो गई है। सियासी तौर पर इसे यूं समझा जा सकता है—भाजपा के पास 12, कांग्रेस के पास 11 और बहुमत की चाबी दो निर्दलीयों की जेब में है। अब किसकी चाबी किस ताले में लगेगी, इसका जवाब 21 सितंबर को सामने आएगा।

 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी और इसी दिन चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक अध्यक्ष पद के लिए मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना कर अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी। वहीं 22 सितंबर को उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया होगी।

भाजपा के 12 विजेता पार्षद

माया शर्मा

निशा जैन

स्नेहा तिवारी

प्रेम देवी सोनी

कमलेश कोली

रीना चंद्रवाल

हर्षेन्द्रा राठौड़

आशा देवी

पूजा जोशी

राधाकिशन माली

चंद्रकला

नरेश धाकड़

कांग्रेस के 11 विजेता पार्षद

निरमा मीणा

निर्मल मेहर

किशन खटीक

रईस मोहम्मद

दिनेश पालीवाल

आशा जैन

भूमिका सुवालका

संजय मालवीय

शंकर धाकड़

छीतर भील

पूजा खटीक

 

दो निर्दलीय, जिन पर टिकी निगाहें

 

कुंवर सौभाग्य सिंह पंवार — निर्दलीय

राधेश्याम रैगर — निर्दलीय

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news