LIVE बिजौलिया में घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट: महिला के सिर में टांके आए, कानूनी कार्रवाई के लिए एसपी से लगाई गुहार
ललित चावला बिजौलिया | 17 Sep 2026
बिजौलिया। इंद्रा कॉलोनी निवासी तीन लोगों ने पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा को परिवाद देकर कुछ नामजद लोगों सहित करीब 35 लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, महिलाओं से अभद्रता, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। परिवाद में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायतकर्ताओं इंद्रा कॉलोनी निवासी मुन्नी देवी, आशा और रवि यादव का आरोप है कि कुछ युवक आए दिन चौराहे पर महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसते और अभद्र टिप्पणियां करते हैं। 8 सितंबर को पीड़ित के भाई के साथ अभद्रता की गई, जिसकी शिकायत बिजौलिया थाने में दी गई थी। इसके बाद आरोपी घर के बाहर आकर सीटी बजाने और महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने लगे।
मारपीट में घायल हुई महिला
विरोध करने पर घर में घुसने और मारपीट का आरोप
परिवाद में आरोप लगाया गया कि महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार का विरोध करने पर करीब 25 लोग घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। आरोपियों ने लाठियों व धारदार हथियार दिखाकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान एक महिला की पुत्रवधू के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। महिला को बचाने पहुंची परिजन के साथ भी मारपीट की गई। वहीं एक पीड़िता के सिर में चोट लगने से सात टांके आने की बात परिवाद में कही गई है। तीसरे शिकायतकर्ता के साथ भी लाठियों से मारपीट का आरोप लगाया गया है।
थाने में शिकायत के बाद कार्रवाई नहीं होने का आरोप
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि घटना के बाद वे पुलिस थाने पहुंचे, लेकिन तत्काल अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। घायलों को अस्पताल ले जाने के बावजूद बयान दर्ज नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। इसके बाद आरोपियों द्वारा डराने-धमकाने और जान से मारने की धमकी देने की बात कही गई है।परिवाद में पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
इधर, बिजौलिया थानाधिकारी स्वागत पांड्या ने बताया कि पीड़ित पक्ष द्वारा बुधवार को मारपीट की रिपोर्ट दी गई थी इस पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।