LIVE कुर्सी एक, दावेदार दो और फैसला 2 वोटों का: 21 सितंबर को खुलेगा राज

ललित चावला बिजौलिया | 19 Sep 2026

 21 सितंबर को खुलेगा राज

बिजौलिया। नगर पालिका के पहले बोर्ड के गठन के बाद अब सबकी निगाहें 21 सितंबर पर टिक गई हैं। इसी दिन बिजौलिया नगर पालिका को अपनी पहली चेयरपर्सन मिलेगी। महिला अनारक्षित सीट पर भाजपा की स्नेहा तिवाड़ी और कांग्रेस की भूमिका सुवालका के बीच सीधा मुकाबला है। खास बात यह है कि दोनों ही प्रमुख दलों के पास बहुमत का जादुई आंकड़ा नहीं है। ऐसे में चेयरपर्सन की कुर्सी का फैसला दो निर्दलीय पार्षदों के रुख से जुड़ गया है।

गुप्त मतदान खोलेगा कुर्सी का राज

चेयरपर्सन चुनाव में पार्षद खुले तौर पर नहीं, बल्कि गुप्त मतदान प्रणाली के तहत अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक एसडीएम कार्यालय के कोर्ट रूम में होगा। रिटर्निंग अधिकारी छोटू लाल शर्मा ने बताया कि सभी 25 निर्वाचित पार्षदों को क्रमांक 1 से 25 तक नंबर वाले मतपत्र दिए जाएंगे। पार्षद एक-एक करके मतदान कक्ष में जाएंगे और चेयरपर्सन पद के दोनों उम्मीदवारों में से किसी एक के नाम के सामने निर्धारित स्थान पर मोहर लगाएंगे। इसके बाद मतपत्र को मतपेटी में डालेंगे। मतदान समाप्त होते ही मतपत्रों की गिनती शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए एसडीएम कार्यालय में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

कलेक्टर कार्यालय की 4 सदस्यीय टीम संभालेगी व्यवस्था

चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला कलेक्टर कार्यालय से चार एक्सपर्ट कर्मचारियों की टीम लगाई गई है। मतदान से लेकर मतगणना तक पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार कराई जाएगी।

एक-एक वोट पर टिकी निगाहें

इस चुनाव की सबसे खास बात यह है कि भाजपा के 12 और कांग्रेस के 11 पार्षद होने के कारण मुकाबला बेहद नजदीकी स्थिति में है। दोनों निर्दलीय पार्षदों के पास एक-एक वोट है। ऐसे में 21 सितंबर को होने वाला गुप्त मतदान सिर्फ चेयरपर्सन का चुनाव नहीं, बल्कि 25 सदस्यीय बोर्ड के समीकरणों की पहली बड़ी परीक्षा भी होगा।

 

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news