चेयरपर्सन चुनाव काउंटडाउन : वार्ड 13 की पार्षद आशा जैन ने दिया पहला मत, गुप्त मतदान से तय होगा ताज
ललित चावला बिजौलिया | 21 Sep 2026
एसडीएम ऑफिस के कोर्ट रूम में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक मतदान, पुलिस-प्रशासन मुस्तैद
बिजौलिया। नगर पालिका की पहली चेयरपर्सन के चुनाव को लेकर आज शहर की सियासत का सबसे बड़ा फैसला होने जा रहा है। चेयरपर्सन पद के लिए एसडीएम ऑफिस के कोर्ट रूम में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक गुप्त मतदान कराया जाएगा। मतदान के बाद मतगणना की प्रक्रिया पूरी कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
चुनाव को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मतदान केंद्र के दोनों तरफ 100-100 मीटर के दायरे में बैरिकेड्स लगाए गए हैं, ताकि अनधिकृत लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मतदान स्थल के आसपास पुलिस जाप्ता तैनात रहेगा।
25 पार्षद करेंगे मतदान
बिजौलिया नगर पालिका के 25 निर्वाचित पार्षद चेयरपर्सन के चुनाव में अपने मत का प्रयोग करेंगे। इनमें भाजपा के 12, कांग्रेस के 11 और 2 निर्दलीय पार्षद शामिल हैं। चेयरपर्सन पद के लिए भाजपा की ओर से स्नेहा तिवाड़ी और कांग्रेस की ओर से भूमिका सुवालका मैदान में हैं।
बेलेट पेपर से होगा गुप्त मतदान
चेयरपर्सन का चुनाव पूरी तरह गुप्त मतदान प्रणाली से होगा। सभी निर्वाचित पार्षदों को मतपत्र दिए जाएंगे। मतपत्र पर प्रत्याशी के नाम के सामने निर्धारित स्थान पर मोहर लगाकर उसे मतपेटी में डाला जाएगा। मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से निर्धारित प्रक्रिया का पालन कराया जाएगा।
प्रशासन की पूरी नजर, मतदान के बाद तुरंत आएगा परिणाम
चुनाव प्रक्रिया रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम छोटू लाल शर्मा की देखरेख में संपन्न होगी। जिला कलेक्टर कार्यालय की ओर से मतदान प्रक्रिया के लिए चार विशेषज्ञों की टीम भी लगाई गई है। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी और इसके बाद बिजौलिया नगर पालिका की पहली निर्वाचित चेयरपर्सन के नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।नगर पालिका चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत के लिए जरूरी 13 पार्षदों का आंकड़ा हासिल नहीं हुआ है। ऐसे में आज होने वाला गुप्त मतदान बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है और सभी की नजरें दोनों निर्दलीय पार्षदों के मतों पर भी टिकी हैं।