भाजपा प्रत्याशी कुंवर सौभाग्य सिंह 14-11 से विजयी: बिजौलिया नगर पालिका के पहले वाइस चेयरपर्सन बने, तीन वोट से दर्ज की जीत
ललित चावला बिजौलिया | 22 Sep 2026
बिजौलिया। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बिजौलिया नगर पालिका को उसका पहला वाइस चेयरपर्सन मिल गया। मंगलवार को नगर पालिका के वाइस चेयरपर्सन पद के लिए हुए चुनाव में वार्ड 19 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में निर्वाचित हुए कुंवर सौभाग्य सिंह पंवार ने भारतीय जनता पार्टी के समर्थन से 3 वोट के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी आशा देवी जैन को 11 मत प्राप्त हुए। इस तरह 25 निर्वाचित पार्षदों वाली नगर पालिका में बहुमत का आंकड़ा 13 मे से एक वोट अधिक 14 मत प्राप्त कर कुंवर सौभाग्य सिंह ने वाइस चेयरपर्सन पद पर कब्जा जमाया।
इससे पहले सोमवार को हुए चेयरपर्सन चुनाव में भाजपा की स्नेहा तिवाड़ी ने 13 मत हासिल कर पहली चेयरपर्सन बनने का गौरव हासिल किया था। अब वाइस चेयरपर्सन पद भी भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के खाते में जाने से नगर पालिका के पहले बोर्ड का नेतृत्व तय हो गया है।
गौरतलब है कि नगर पालिका चुनाव में भाजपा ने 12 वार्डों में जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस के 11 पार्षद निर्वाचित हुए थे। इसके अलावा दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की थी। चेयरपर्सन और वाइस चेयरपर्सन चुनाव में इन दो निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही थी। कुंवर सौभाग्य सिंह की जीत के साथ ही बिजौलिया नगर पालिका के पहले बोर्ड में चेयरपर्सन स्नेहा तिवाड़ी और वाइस चेयरपर्सन कुंवर सौभाग्य सिंह पंवार के नाम पर मुहर लग गई।