बिजौलिया में सूने मकान में चोरी: मकान का ताला तोड़कर 2.35 लाख नकद और करीब 1 किलो चांदी के जेवर चोरी
ललित चावला बिजौलिया | 23 Sep 2026
बिजौलिया। कस्बे की बालाजी कॉलोनी में एक सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोर मकान के अलग-अलग कमरों के ताले तोड़कर करीब 2 लाख 35 हजार रुपए नकद, लगभग 1 किलो चांदी के आभूषण तथा मंदिर में रखी चांदी की प्रतिमाएं चोरी कर ले गए। पीड़ित ने बिजौलिया थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट देकर कार्रवाई की मांग की है।
बालाजी कॉलोनी निवासी घनश्याम सिंह राजपूत ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह अपने परिवार के साथ बालाजी नगर में रहता है। 18 सितंबर को वह परिवार सहित बाहर आउटिंग पर गया हुआ था। घर पर कोई मौजूद नहीं था और मकान पर ताला लगा हुआ था। इसी दौरान 19 सितंबर की रात अज्ञात बदमाशों ने सूना मकान देखकर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए।
रिपोर्ट के अनुसार चोरों ने मकान के सभी कमरों के ताले तोड़कर तलाशी ली। कमरे में रखे पलंग के लॉकर से करीब 1 लाख 80 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। वहीं दूसरे कमरे में रखी अलमारी से 4 जोड़ी चांदी की पायजेब, 4 जोड़ी चांदी के पैरों के कड़े और 2 चांदी की करंगती, जिनका कुल वजन करीब 1 किलो बताया गया है, चोरी कर ली गई। इसके अलावा पीड़ित की भांजी के विवाह में आए करीब 55 हजार रुपए नकद भी चोर अपने साथ ले गए। चोरों ने मकान के बरामदे में बने मंदिर को भी नहीं छोड़ा और वहां से चांदी की गाय, चांदी के गणेशजी तथा चांदी की लक्ष्मीजी की प्रतिमाएं चोरी कर लीं। घर का सारा सामान बिखेर दिया।
पड़ोसी ने देखा टूटा हुआ ताला, तब चला चोरी का पता
पीड़ित के अनुसार 20 सितंबर को पड़ोस में रहने वाले शालीग्राम धाकड़ ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखा। उन्होंने घनश्याम सिंह को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस को भी चोरी की जानकारी दी गई। पीड़ित ने बताया कि परिवार के बाहर होने के कारण वह तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सका। अब पुलिस को रिपोर्ट देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। घटना में नकदी और चांदी के सामान की चोरी से पीड़ित को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।