उपखंड कार्यालय के बाहर ब्रेकर पर असंतुलित हुई बाइक : सड़क पर गिरने से महिला की मौत
ललित चावला बिजौलिया | 23 Sep 2026
बिजौलिया। उपखंड कार्यालय के बाहर बने अव्यवस्थित ब्रेकर के कारण बुधवार देर शाम एक बाइक असंतुलित हो गई जिससे पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक पर सवार 58 वर्षीय प्यारी देवी कोली गंभीर रूप से घायल हो गईं। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद परिजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम प्यारी देवी अपने पति, कृषि विभाग के पूर्व सहायक कृषि अधिकारी उदयलाल कोली के साथ इंदिरा कॉलोनी स्थित अपने घर से भतीजे लोकेश के यहां खाना खाने जा रही थीं। दोनों बाइक से उपखंड कार्यालय के सामने वाली गली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एसडीएम कार्यालय के बाहर बने ब्रेकर पर पहुंचते ही बाइक अचानक असंतुलित हो गई।
बाइक असंतुलित होने से प्यारी देवी सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन उन्हें तत्काल पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने उपखंड कार्यालय के बाहर बने ब्रेकर को लेकर सवाल उठाते हुए इसे व्यवस्थित तरीके से बनाने और पर्याप्त संकेतक लगाने की मांग की है।