नगर पालिका पदभार समारोह आज: शुरू होगा बिजौलिया नगर पालिका के पहले बोर्ड का सफर

ललित चावला बिजौलिया | 23 Sep 2026

 शुरू होगा बिजौलिया नगर पालिका के पहले बोर्ड का सफर

बिजौलिया। नगर पालिका चुनाव के बाद अब बिजौलिया नगर पालिका के पहले निर्वाचित बोर्ड की विधिवत शुरुआत आज से होने जा रही है। सुबह 10:30 बजे नगर पालिका चौक में पहली निर्वाचित चेयरपर्सन स्नेहा तिवाड़ी, वाइस चेयरपर्सन कुंवर सौभाग्य सिंह सहित 23 निर्वाचित पार्षदों का पदभार समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल के मुख्य आतिथ्य एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र बंजारा के विशिष्ट आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम में नगर पालिका के सभी निर्वाचित पार्षदों के साथ जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

चेयरपर्सन और वाइस चेयर पर्सन ग्रहण करेंगे कुर्सी

बिजौलिया नगर पालिका की पहली चेयर पर्सन बनी स्नेहा तिवाड़ी

बिजौलिया नगर पालिका की पहली चेयर पर्सन बनी स्नेहा तिवाड़ी

नगर पालिका ईओ तरुण शर्मा ने बताया कि समारोह के दौरान चेयरपर्सन स्नेहा तिवाड़ी और वाइस चेयरपर्सन सौभाग्य सिंह विधिवत पदभार ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही बिजौलिया नगर पालिका के पहले निर्वाचित बोर्ड के कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत होगी। पदभार ग्रहण के दौरान चेयरपर्सन स्नेहा तिवाड़ी और ईओ तरुण शर्मा के हस्ताक्षर से कार्यग्रहण पत्र तैयार कर सभी निर्वाचित पार्षदों को दिए जाएंगे। पदभार ग्रहण से संबंधित आधिकारिक जानकारी डीएलबी मुख्यालय को भी भेजी जाएगी।

पहली बार एक साथ नजर आएंगे सभी निर्वाचित पार्षद

पदभार समारोह के दौरान नगर पालिका के सभी निर्वाचित पार्षदों का एक-दूसरे से परिचय कराया जाएगा। चुनाव के बाद यह पहला अवसर होगा, जब नगर पालिका के निर्वाचित बोर्ड के सदस्य औपचारिक रूप से एक साथ मौजूद रहेंगे। समारोह के बाद नगर पालिका के आगामी कामकाज को लेकर भी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। पहली बोर्ड बैठक की तारीख तय की जाएगी, जिसमें नगर पालिका के विकास कार्यों, प्राथमिकताओं और आगामी कार्ययोजना को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

25 वार्डों वाली नगर पालिका का पहला बोर्ड

बिजौलिया नगर पालिका के गठन और चुनाव के बाद अब शहर को अपना पहला निर्वाचित बोर्ड मिल चुका है। 25 वार्डों में हुए चुनाव में निर्वाचित पार्षदों में से चेयरपर्सन और वाइस चेयरपर्सन का निर्वाचन भी पूरा हो चुका है। अब पदभार समारोह के साथ नगर पालिका के नियमित प्रशासनिक एवं विकास कार्यों का नया अध्याय शुरू होगा।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news