चार दिवसीय शतरंज प्रतियोगिता का समापन: शतरंज की बिसात पर चली दिमागी चालें, हुरड़ा-शाहपुरा और भीलवाड़ा के खिलाड़ियों ने मारी बाजी

ललित चावला बिजौलिया | 24 Sep 2026

शतरंज की बिसात पर चली दिमागी चालें, हुरड़ा-शाहपुरा और भीलवाड़ा के खिलाड़ियों ने मारी बाजी

बिजौलिया। संस्कार भारती सी. सै. स्कूल में आयोजित चार दिवसीय शतरंज प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। समापन समारोह विधायक प्रतिनिधि जगदीश खंडेलवाल की अध्यक्षता तथा नगर पालिका अध्यक्ष स्नेहा मानव तिवारी एवं नगर पालिका वाइस चेयरमैन कुंवर सौभाग्य सिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र बंजारा सहित नगर पालिका के विभिन्न वार्डों के पार्षद विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद संस्कार भारती स्कूल बिजौलिया के निदेशक आदर्श सोनी एवं सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के निदेशक दिनेश वैष्णव ने अतिथियों का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षाविद् घनश्याम सोनी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद और नियमित व्यायाम भी जरूरी है। उन्होंने बच्चों को मोबाइल से दूरी बनाए रखने की सलाह देते हुए कहा कि ऑनलाइन शिक्षा के साथ बच्चों को पाठ्य पुस्तकों से अध्ययन करने की आदत भी बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने शतरंज जैसे खेलों को बच्चों में एकाग्रता, धैर्य और रणनीतिक सोच विकसित करने में सहायक बताया।

हुरड़ा, शाहपुरा और भीलवाड़ा के खिलाड़ियों का दबदबा

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने शतरंज की बिसात पर अपनी प्रतिभा और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग में इंडियन पब्लिक स्कूल शाहपुरा एवं महात्मा गांधी स्कूल हुरड़ा तथा बालक वर्ग में संगम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस भीलवाड़ा एवं विवेकानंद केंद्रीय स्कूल हुरड़ा के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी।

समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष स्नेहा मानव तिवारी, राज परिवार से यादवेन्द्र सिंह पंवार, पुरुषोत्तम मेड़तिया, संजय धाकड़ एवं राम प्रसाद विजय ने भी प्रतिभागी बच्चों को संबोधित किया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार स्वरूप महाराणा प्रताप की आकर्षक तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।

इन खिलाड़ियों ने हासिल किया प्रथम स्थान

प्रतियोगिता में अंडर-17 बॉयज वर्ग में विवेकानंद केंद्रीय स्कूल हुरड़ा के नमन माहेश्वरी, अंडर-17 गर्ल्स वर्ग में महात्मा गांधी स्कूल हुरड़ा की कृष्णा सेनी, अंडर-19 गर्ल्स वर्ग में इंडियन पब्लिक स्कूल शाहपुरा की सुगनी डांगी तथा अंडर-19 बॉयज वर्ग में संगम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस भीलवाड़ा के अर्णव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन की विधिवत घोषणा का पत्रवाचन रमेश गुरुजी ने किया। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार डॉक्टर डीएस मेहर एवं अशोक विजय टीवीएस की ओर से प्रदान किए गए।

समापन समारोह में अनिल टांक, शेखर चंद्रवाल, पंकज जैन, पंकज विजय, कमलेश कोली, दिनेश पालीवाल, संजय मालवीय, देवेंद्र लक्षकार, सुनील जोशी, शांतिलाल जोशी, बिट्ठल तिवारी, ओम मेड़तिया, उदयलाल कोली, पूजा जोशी, निशा जैन, माया अरुण गुरुजी, रीना चंद्रवाल, राधेश्याम रेगर, रतन गौड़, रामफूल धाकड़, मोनू टेलर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news