दशलक्षण पर्व के अंतिम दिन उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म की महाराधना : श्रद्धालुओं ने मनाया क्षमावाणी पर्व
ललित चावला बिजौलिया | 25 Sep 2026
बिजौलिया खुर्द। दशलक्षण पर्व के अंतिम दिन उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म की महाराधना के अवसर पर बिजौलिया खुर्द जिनालय में दशलक्षण विधान का आयोजन श्रद्धा के साथ किया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और भगवान के समक्ष धर्मलाभ लिया।कार्यक्रम के दौरान प्रथम शांतिधारा करने का सौभाग्य बालचंद एवं नगीना बाई ठग परिवार को प्राप्त हुआ, जबकि द्वितीय शांतिधारा का सौभाग्य महिला मंडल, छोटी बिजौलिया को मिला। शांतिधारा के दौरान जिनालय परिसर भगवान के जयकारों से गूंज उठा। स्थानीय संयम जैन ने बताया कि दशलक्षण पर्व के समापन अवसर पर श्रीजी की भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई जिनालय पहुंची। शोभायात्रा में श्रद्धालु उत्साह के साथ शामिल हुए।
वासुपूज्य भगवान के मोक्ष कल्याणक पर विशेष पूजा
वासुपूज्य भगवान के मोक्ष कल्याणक के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान की विशेष पूजा-अर्चना की। विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। कार्यक्रम के दौरान क्षमावाणी पर्व पर श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे से क्षमा याचना करते हुए मन में किसी प्रकार का वैर-भाव नहीं रखने का संकल्प लिया। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर दान-पुण्य का भी विशेष धार्मिक महत्व माना गया। श्रद्धालुओं ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-पुण्य कर धर्मलाभ लिया।