राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया का बिजौलिया में भव्य स्वागत: कहा-जीत के साथ बढ़ जाती हैं जिम्मेदारियां, जनता की अपेक्षाओं का रखना होगा ध्यान
ललित चावला बिजौलिया | 05 Oct 2026
बिजौलियां। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया सोमवार को बिजौलियां पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने उनका साफा व माला पहनाकर स्वागत किया। बिजौलिया पहुंचने के बाद पूनिया ने खनिज विभाग कार्यालय के पास स्थित उत्तम शिखरेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर दर्शन किए।
इसके बाद समाजसेवी रामप्रसाद विजयवर्गीय के आवास के बाहर आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में पूनिया ने हाल ही में निर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष स्नेहा तिवाड़ी, उपाध्यक्ष कुंवर सौभाग्य सिंह सहित भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षदों का अभिनंदन किया।
जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की कही बात
कार्यक्रम में सतीश पूनिया ने कहा कि चुनाव में जीत मिलने के साथ ही जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं। साथ ही आमजन की अपेक्षाएं भी बढ़ती हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों को जनता की उम्मीदों और क्षेत्र की आवश्यकताओं का ध्यान रखते हुए काम करना चाहिए। उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए जनहित में सक्रियता से कार्य करने की बात कही।
तीनों नगरपालिकाओं में भाजपा बोर्ड पर विधायक को दी बधाई
पूनिया ने मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र की तीनों नगरपालिकाओं में भाजपा का बोर्ड बनने पर विधायक गोपाल खंडेलवाल को बधाई दी। उन्होंने इस दौरान विधायक के राजनीतिक कौशल की भी सराहना की। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष लादूलाल तेली, मुकेश विजयवर्गीय (कोटा), मंडल अध्यक्ष राजेंद्र बंजारा ,हरिलाल जाट, भवानीशंकर शर्मा, रमेश गुरुजी, शिवराज सिंह सोलंकी, नरोत्तम धाकड़, चेतन पंवार, शेखर चन्द्रवाल, कुंवर मृत्युंजय सिंह, योगेश जैन, सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।