दशहरा महोत्सव में सजी काव्य रस की महफिल: हास्य की फुहारों से गूंजा कवि सम्मेलन, वीर रस की कविताओं ने भरा जोश

ललित चावला बिजौलिया | 20 Oct 2026

हास्य की फुहारों से गूंजा कवि सम्मेलन, वीर रस की कविताओं ने भरा जोश

बिजौलिया। नगर पालिका की ओर से आयोजित तीन दिवसीय दशहरा महोत्सव के तहत सोमवार रात पुलिस थाने के सामने कवि सम्मेलन आयोजित हुआ। देश के अलग-अलग शहरों से आए कवियों ने हास्य, व्यंग्य, वीर रस और गीतों की प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कवियों की रचनाओं पर कभी ठहाके गूंजे तो कभी देशभक्ति से ओतप्रोत कविताओं ने श्रोताओं में उत्साह भर दिया। देर रात तक चले इस आयोजन में साहित्य प्रेमियों ने काव्य प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

कवि सम्मेलन का आगाज मां सरस्वती की वंदना से किया गया। इसके बाद उदयपुर के कानू पंडित ने हास्य रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाया। पैरोडीकार संजीव सजल ने चर्चित गीतों की पैरोडी पेश कर तालियां बटोरीं। भीलवाड़ा के दीपक पारीक, इंदौर के पंकज प्रसून और हास्य कवि मुन्ना बैटरी ने अपनी रचनाओं के जरिए श्रोताओं का मनोरंजन किया।

उत्तर प्रदेश के वीर रस के कवि गौरव चौहान ने ओजपूर्ण कविताओं से माहौल में जोश भर दिया। उन्होंने बॉलीवुड की छावा मूवी का उदाहरण देकर लोगों में देश प्रेम से ओत प्रोत कर दिया। कोटा के भूपेंद्र राठौर ने भी काव्य पाठ कर कार्यक्रम को साहित्यिक रंग प्रदान किया। कार्यक्रम में विधायक गोपाल खंडेलवाल, नगर पालिका अध्यक्ष स्नेहा तिवाड़ी, वाइस चेयर मेन सौभाग्य सिंह सहित जनप्रतिनिधि, नगरवासी और साहित्य प्रेमी मौजूद रहे।

दशहरा महोत्सव के अंतिम दिन मंगलवार को पालकी नदी किनारे रावण दहन सहित धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पालिका चौक पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news