जोगणिया माता मंदिर में नवरात्र महोत्सव की पूर्णाहुति आज : नौ दिनों में लाखों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
ललित चावला बिजौलिया | 20 Oct 2026
बिजौलिया। मेवाड़ के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री जोगणिया माता मंदिर में शारदीय नवरात्र महोत्सव की पूर्णाहुति मंगलवार दोपहर को होगी। नौ दिनों तक चले धार्मिक आयोजनों के दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों से लाखों श्रद्धालु माता रानी के दर्शन करने पहुंचे। दुर्गाष्टमी के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अष्टमी पर भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर के पट पूरी रात खुले रखे गए। इस दौरान भजन संध्या, धार्मिक प्रस्तुतियों और भव्य नृत्य नाटिका ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
गोकुल शर्मा की भजन संध्या में देर रात तक झूमे श्रद्धालु
दुर्गाष्टमी पर रात्रि में आयोजित भजन संध्या में देशभर में ख्याति प्राप्त भजन गायक गोकुल शर्मा ने माता रानी की महिमा और भक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुतियां दीं। उनके भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
शुम्भ-निशुम्भ वध की नृत्य नाटिका ने मोहा मन
रात्रि जागरण के दौरान मुंबई के आशीष केल्विन डांस ग्रुप की ओर से श्री दुर्गासप्तशती में वर्णित शुम्भ-निशुम्भ वध पर आधारित भव्य नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई। कलाकारों ने नृत्य और अभिनय के माध्यम से मां दुर्गा की शक्ति तथा दुष्ट शक्तियों पर विजय की कथा का मंचन किया। आकर्षक प्रस्तुति को देखने के लिए श्रद्धालु देर रात तक मौजूद रहे।
संत-महात्माओं और अतिथियों का किया स्वागत
श्री जोगणिया माता शक्तिपीठ प्रबंध एवं विकास संस्थान के अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं और अतिथियों का स्वागत-अभिनंदन किया। उन्होंने नवरात्र महोत्सव में श्रद्धालुओं की सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार में ऐसे आयोजनों की महत्ता बताई।कार्यक्रम में बाल योगी अवधूत अलखनाथ महाराज (दिल्ली), बनवारी शरण महाराज (भीलवाड़ा), राम मुनि महाराज (नोएडा), पंडित कैलाश चंद्र शर्मा सहित अनेक संत-महात्माओं की उपस्थिति रही।