नला का माताजी मंदिर में नवरात्रि महोत्सव का समापन: दानपात्र से निकले 1.04 लाख रुपए

ललित चावला बिजौलिया | 20 Oct 2026

दानपात्र से निकले 1.04 लाख रुपए

नला का माताजी मंदिर में हवन पूर्णाहुति और कन्या पूजन का आयोजन

बिजौलिया। कस्बे से करीब 6 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित ऐतिहासिक नला का माताजी मंदिर में शारदीय नवरात्रि पर्व की समाप्ति पर हवन पूर्णाहुति और कन्या पूजन का आज धार्मिक आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की काफी उपस्थिति रही। भक्तों ने माता के दरबार में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

दानपात्र से निकली राशि की गणना करते हुए ट्रस्ट के सदस्य

दानपात्र से निकली राशि की गणना करते हुए ट्रस्ट के सदस्य

नवरात्रि उत्सव के समापन पर विधि-विधान के साथ हवन कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन पूर्णाहुति संपन्न हुई। इसके बाद कन्या पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन एवं उपहार भेंट किए। हवन पूर्णाहुति और कन्या पूजन के साथ ही मंदिर में आयोजित नवरात्रि महोत्सव का समापन हुआ।

दानपात्र से निकले 1 लाख 4 हजार 63 रुपए

धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों की उपस्थिति में मंदिर का दानपात्र खोला गया। दानपात्र से प्राप्त राशि की गणना करने पर कुल 1 लाख 4 हजार 63 रुपए निकले। यह राशि श्रद्धालुओं की ओर से मंदिर में भेंट स्वरूप अर्पित की गई थी।

ट्रस्ट सदस्य रहे मौजूद

इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष शंकर लाल सहित प्रकाश गुर्जर, राजमल मीणा, जीतमल धाकड़, मोड़ू राम धाकड़, शंकर मेहता, नंदा कराड, रघुनाथ कराड, शंकर धाकड़, शांतिलाल धाकड़, रोहित, देवीलाल धाकड़, भगवान कराड और अर्जुन मीणा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news