बिजौलिया का छात्र राष्ट्रीय प्रतियोगिता में करेगा राजस्थान का प्रतिनिधित्व: 110 मीटर बाधा दौड़ में जीता गोल्ड
ललित चावला बिजौलिया | 20 Oct 2026
बिजौलिया। स्थानीय मां भारती सी सै स्कूल के छात्र घनश्याम जाट ने भरतपुर में आयोजित 17 वर्षीय राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 110 मीटर बाधा दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुगन लाल धाकड़ ने बताया कि घनश्याम जाट पुत्र राधेश्याम जाट ने अपनी खेल प्रतिभा के दम पर प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। इस सफलता के आधार पर अब वह राष्ट्रीय स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेगा।राष्ट्रीय प्रतियोगिता 12 से 16 नवंबर तक मध्यप्रदेश के शिवपुरी में आयोजित होगी। इसमें घनश्याम देशभर के खिलाड़ियों के बीच अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगा।
संस्था के निदेशक कमलेश धाकड़ ने छात्र की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि उसकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि घनश्याम राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करेगा।