श्री जोगणियां माता शक्तिपीठ : पूर्णाहुति के साथ शारदीय नवरात्र महोत्सव संपन्न,
ललित चावला बिजौलिया | 21 Oct 2026
चतुर्वेद पारायण और महायज्ञ सहित कई अनुष्ठान हुए
बिजौलिया। श्री जोगणियां माता शक्तिपीठ मंदिर परिसर में आयोजित शारदीय नवरात्र धार्मिक महोत्सव का पंचकुंडीय शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ भव्य समापन हुआ। नौ दिवसीय इस महोत्सव के दौरान शक्तिपीठ परिसर में विभिन्न वैदिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।
श्री जोगणियां माता शक्तिपीठ प्रबंध एवं विकास संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस पंचकुंडीय शतचंडी महायज्ञ में संस्थान की ओर से बगतावर सिंह मुख्य यजमान के रूप में विराजमान रहे, जिनके द्वारा वैदिक विधि-विधान के साथ यज्ञ में आहुतियां अर्पित की गईं। महायज्ञ की पूर्णाहुति के अवसर पर बेगूं विधायक डॉ. सुरेश धाकड़, संस्थान के अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी और वरिष्ठ सलाहकार दलपत सिंह सांखला विशेष रूप से उपस्थित रहे।
महोत्सव के प्रमुख आकर्षण एवं अनुष्ठान
श्री जोगणियां माता शक्तिपीठ वेद विद्यालय के वैदिक शिक्षकों एवं बटुकों द्वारा संपूर्ण नवरात्रि में ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद का चतुर्वेद पारायण किया गया। बेगूं क्षेत्र के प्रसिद्ध वैदिक विद्वान मदन काटिया के सानिध्य में हुए इस सस्वर मंत्रोच्चार ने वैदिक संस्कृति और भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया।
महामंत्र जप और दुर्गापाठ
भगवती जगदम्बा की आराधना के लिए शतचंडी दुर्गासप्तशती का पाठात्मक एवं हवनात्मक अनुष्ठान संपन्न हुआ। इसके साथ ही 11 लाख नवार्ण महामंत्र जप, गायत्री शक्तिपीठ मंदिर पर सवा लाख गायत्री महामंत्र जप, देवी-देवताओं के स्तोत्रों का पारायण तथा माता जी की विशेष राजोपचार पूजा और पुष्प सहस्त्रार्चन किए गए।
अखंड पाठ और कथा
श्रीमद् देवी भागवत कथा व मूल पारायण के साथ-साथ शक्तिपीठ परिसर स्थित श्री पवनपुत्र हनुमान जी मंदिर और श्री खेड़ापति बालाजी मंदिर पर श्रीरामचरितमानस के अखंड पारायण का आयोजन हुआ, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा।
कन्या पूजन हुआ
नवरात्र महोत्सव के तहत कन्याओं को नवदुर्गा का साक्षात स्वरूप मानकर विधि-विधान से पूजन किया गया और उन्हें चुनरी ओढ़ाई गई। इस अनुष्ठान के माध्यम से सनातन संस्कृति में मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा, सम्मान और नारी तत्व की दिव्यता का संदेश दिया गया।