कल जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य के चुनाव: 59,270 मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला, 78 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान, तीन बूथ क्रिटिकल श्रेणी में
ललित चावला बिजौलिया | 21 Oct 2026
बिजौलिया। पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण में गुरुवार को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव होंगे। मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। बिजौलियां पंचायत समिति क्षेत्र के 59,270 मतदाता जिला परिषद के दो वार्डों के पांच तथा पंचायत समिति के 39 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
26 पंचायतों में 78 मतदान केंद्र
बिजौलियां पंचायत समिति क्षेत्र की 26 ग्राम पंचायतों में कुल 78 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सलावटिया, राणा जी का गुड़ा और छोटी बिजौलियां में एक-एक मतदान केंद्र को क्रिटिकल बूथ के रूप में चिह्नित किया गया है। इन केंद्रों पर विशेष निगरानी के साथ अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा। जिला परिषद के वार्ड संख्या 44 में 37 और वार्ड संख्या 45 में 41 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
कहीं 1,094 तो कहीं महज 73 मतदाता
मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या में भी काफी अंतर है। सलावटिया के एक मतदान केंद्र पर सर्वाधिक 1,094 मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि बाणियां का तालाब के एक मतदान केंद्र पर सबसे कम 73 मतदाता हैं। रिटर्निंग अधिकारी सीएल शर्मा के अनुसार, गुरुवार को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव ईवीएम से कराए जाएंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम मशीनों को राजकीय महाविद्यालय स्थित स्ट्रांग रूम में एकत्रित किया जाएगा। इसके बाद मशीनों को उसी रात जिला मुख्यालय भेज दिया जाएगा।
24 को पंच-सरपंच के चुनाव
वहीं, शनिवार को सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएंगे। सरपंच और वार्ड पंच के परिणाम मतदान के दिन ही घोषित किए जाएंगे, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणाम दोनों चरणों का मतदान संपन्न होने के बाद 20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर घोषित किए जाएंगे।
तीन एरिया और 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात
चुनाव आयोग के निर्देशानुसार शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में तीन एरिया मजिस्ट्रेट और 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ संवेदनशील गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी। क्रिटिकल बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रशासन का लक्ष्य निर्धारित समय में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान संपन्न कराना है।