मतदान केंद्रों पर रहेगा भारी पुलिस जाब्ता: 11 मोबाइल पार्टियां करेंगी गश्त, एएसपी, डीएसपी और दो सीआई सहित चार सुपरवाइजर संभालेंगे निगरानी की जिम्मेदारी

ललित चावला बिजौलिया | 21 Oct 2026

11 मोबाइल पार्टियां करेंगी गश्त, एएसपी, डीएसपी और दो सीआई सहित चार सुपरवाइजर संभालेंगे निगरानी की जिम्मेदारी

बिजौलिया। पंचायती राज चुनाव के तहत गुरुवार को बिजौलिया क्षेत्र में जिला परिषद की दो और पंचायत समिति की 15 सीटों के लिए मतदान होगा। चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। क्षेत्र के 78 मतदान केंद्रों पर पुलिस का भारी जाब्ता तैनात रहेगा। इसके साथ ही संवेदनशील परिस्थितियों पर नजर रखने और मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 11 मोबाइल पुलिस पार्टियां भी गठित की गई हैं।

थाना प्रभारी स्वागत पांड्या ने बताया कि चुनाव ड्यूटी के लिए भीलवाड़ा पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस जाब्ता आएगा। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही पूरे क्षेत्र में पुलिस की निगरानी रहेगी, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

प्रत्येक मतदान केंद्र पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती

थाना प्रभारी के अनुसार, मतदान व्यवस्था के तहत प्रत्येक बूथ पर दो पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक मतदान केंद्र पर चार पुलिसकर्मी अलग से तैनात रहेंगे। इस व्यवस्था के तहत एक ही मतदान केंद्र पर एक से अधिक बूथ होने की स्थिति में प्रत्येक बूथ की सुरक्षा के साथ पूरे केंद्र की निगरानी के लिए भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे।

उदाहरण के तौर पर नयानगर में तीन मतदान बूथ होने पर प्रत्येक बूथ पर दो-दो पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा मतदान केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए चार पुलिसकर्मी अलग से ड्यूटी देंगे। इस तरह बूथों की सुरक्षा के साथ मतदान केंद्र पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की व्यवस्था की गई है।

चार सुपरवाइजर करेंगे सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी

चुनाव के दौरान पुलिस व्यवस्था की निगरानी के लिए चार सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इनमें एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी), एक पुलिस उप अधीक्षक (डीएसपी) और दो सर्किल इंस्पेक्टर (सीआई) शामिल रहेंगे। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पुलिसकर्मियों की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी।

11 मोबाइल पार्टियां करेंगी गश्त

बिजौलिया पंचायत समिति क्षेत्र में पुलिस ने 11 मोबाइल पार्टियां गठित की हैं। इन मोबाइल यूनिट को दो से तीन मतदान केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मोबाइल पार्टियां अपने निर्धारित क्षेत्रों में लगातार गश्त करेंगी और मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी रखेंगी। आवश्यकता पड़ने पर ये टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालेंगी। पुलिस एवं प्रशासन का लक्ष्य चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना है।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news