बिजौलिया में पंचायत राज चुनाव: शाम 6 बजे तक 75.67 % मतदान हुआ
ललित चावला बिजौलिया | 22 Oct 2026
बिजौलिया। पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण में गुरुवार को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में आज शाम 6 बजे तक 75.67% मतदान हुआ। इससे पहले दोपहर 3 बजे तक 54.27% मतदान हुआ। इससे पहले 1 बजे तक 34.48% और सुबह 10 बजे तक 17.01% मतदान दर्ज किया गया। एसडीएम सीएल शर्मा ने बताया कि बिजौलियां पंचायत समिति क्षेत्र के 59,270 मतदाता जिला परिषद के दो वार्डों के पांच तथा पंचायत समिति के 39 प्रत्याशियों के लिए आज मतदान कर रहे है।
26 पंचायतों में 78 मतदान केंद्र
वोट देकर मतदान केंद्र से बाहर निकलते हुए जिला परिषद 44 के कांग्रेस उम्मीदवार कैलाश मीणा
बिजौलियां पंचायत समिति क्षेत्र की 26 ग्राम पंचायतों में कुल 78 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सलावटिया, राणा जी का गुड़ा और छोटी बिजौलियां में एक-एक मतदान केंद्र को क्रिटिकल बूथ के रूप में चिह्नित किया गया है। इन केंद्रों पर विशेष निगरानी के साथ अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। जिला परिषद के वार्ड संख्या 44 में 37 और वार्ड संख्या 45 में 41 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम मशीनों को राजकीय महाविद्यालय स्थित स्ट्रांग रूम में एकत्रित किया जाएगा। इसके बाद मशीनों को उसी रात जिला मुख्यालय भेज दिया जाएगा।
भाजपा उम्मीदवार नरोत्तम मीणा
वहीं, शनिवार को सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएंगे। सरपंच और वार्ड पंच के परिणाम मतदान के दिन ही घोषित किए जाएंगे, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणाम दोनों चरणों का मतदान संपन्न होने के बाद 20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर घोषित किए जाएंगे।