तीन घंटे में निपटानी होगी सरपंच, वार्ड पंच के नामांकन की प्रक्रिया: कल चुनेंगे गांव की सरकार
ललित चावला बिजौलिया | 23 Oct 2026
बिजौलिया। जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य चुनाव संपन्न होने के साथ ही अब गांवों की सरकार चुनने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। प्रथम चरण के कार्यक्रम में आज बिजौलियां पंचायत समिति की 26 ग्राम पंचायतों में सरपंच व वार्ड पंच के नामांकन और चुनाव चिह्न आवंटन का दौर शुरु हुआ।
पंचायती राज चुनाव के तहत पंच और सरपंच पदों के लिए शुक्रवार को नामांकन से लेकर चुनाव चिह्न आवंटन तक की प्रक्रिया संबंधित पंचायत भवन में पूरी की जाएगी। इसके बाद शनिवार को मतदान होगा और मतगणना पूरी होते ही उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
बीडीओ अशेष शर्मा ने बताया कि पंच और सरपंच पदों के लिए आज सुबह 8 से 11 बजे तक नामांकन पत्र लिए जाएंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे तक पात्र नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नाम वापसी के लिए दोपहर 2 से 3 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शनिवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू की जाएगी और प्रक्रिया पूरी होते ही उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
गैर दलीय आधार पर बैलेट पेपर से होने वाले चुनाव में सरपंच पद के लिए प्रपत्र 4 भरना होगा। 50 रुपए के शपथ पत्र में घोषणा पत्र के साथ कार्यशील स्वच्छ शौचालय व सांख्यिकी के प्रपत्र भी संलग्न करने होंगे , जबकि वार्ड पंच के लिए शपथ पत्र की जरूरत नहीं होगी। दोनों पदों के लिए प्रस्तावकों की आवश्यकता नहीं रहेगी।
एक तरफ जहां सरपंच के लिए 500 व 250 रुपए की प्रतिभूति राशि जमा करानी होगी वहीं वहीं वार्ड पंच के लिए यह आवश्यक नहीं होगी। इन पदों के लिए ग्राम पंचायत के अदेय प्रमाण पत्र की भी अनिवार्यता रहेगी।मुक्त प्रतीक चिह्न आवंटित किए जाएंगे जिससे स्वयं की पसंद के चुनाव चिह्न का प्रावधान नहीं होगा।देवनागरी लिपि से नामों का क्रम निर्धारित करते हुए चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।