तिलस्वां में किरण धाबाई का दबदबा, 892 वोटों से दर्ज की बड़ी जीत: कहा- गांव की धार्मिक पहचान के साथ विकास को देंगी नई दिशा
ललित चावला बिजौलिया | 25 Oct 2026
बिजौलिया। बिजौलिया ब्लॉक की 26 ग्राम पंचायतों में शनिवार को हुए चुनाव के दौरान तिलस्वां पंचायत का परिणाम खासा चर्चा में रहा। यहां से सरपंच पद की प्रत्याशी किरण धाबाई ने 892 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। उपरमाल क्षेत्र में इसे मतों के अंतर के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी जीत बताया जा रहा है।
एमए तक शिक्षित किरण धाबाई ने जीत के बाद संवाददाता से बातचीत में कहा कि उनका लक्ष्य तिलस्वां को एक आदर्श गांव के रूप में विकसित करना है। इसके लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगी। उन्होंने कहा कि गांव के विकास में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी और ग्रामीणों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करवाए जाएंगे।
धार्मिक नगरी की पहचान को और मजबूत करने पर जोर
तिलस्वां की पहचान राजस्थान में एक धार्मिक नगरी के रूप में है। यहां स्थित ऐतिहासिक तिलस्वां नाथ भगवान शिव का मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में किरण धाबाई ने गांव की धार्मिक पहचान को और अधिक मजबूत बनाने की बात कही। उन्होंने बताया कि गांव में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था, रोड लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि ग्रामीणों के साथ-साथ यहां आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
वार्ड पंचों और ग्रामीणों को साथ लेकर होगा विकास
नवनिर्वाचित सरपंच किरण धाबाई ने कहा कि ग्राम पंचायत का विकास सामूहिक सहभागिता से ही संभव है। इसलिए पंचायत के निर्वाचित वार्ड पंचों के साथ गांव के बुजुर्गों, युवाओं और रचनात्मक सोच रखने वाले लोगों को भी विकास कार्यों से जोड़ा जाएगा। सभी के सुझाव लेकर गांव की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार करने और उन्हें धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।
सबका साथ, सबका विकास
उन्होंने कहा कि गांव के चहुंमुखी विकास के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर चलना उनकी प्राथमिकता रहेगी। बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने, स्वच्छ वातावरण तैयार करने और तिलस्वां की धार्मिक पहचान को नई मजबूती देने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।