बिजौलिया में श्री अजमीढ़ जयंती महोत्सव मनाया : शोभायात्रा निकली, रात में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा
ललित चावला बिजौलिया | 25 Oct 2026
बिजौलिया। ऊपरमाल श्री मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज की ओर से रविवार को श्री अजमीढ़ जयंती महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महोत्सव के तहत शोभायात्रा, भोजन प्रसादी और सांस्कृतिक संध्या सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। आयोजन को लेकर समाजजनों में उत्साह का माहौल है।
महोत्सव के तहत दोपहर को श्री चारभुजा मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई, जो गणेश बड़ली, पालिका चौक, तेजाजी चौक होते हुए समाज के नोहरे में पहुंची। शोभायात्रा में काफी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। इसके बाद शाम को श्री अजमीढ़ भवन में भोजन प्रसादी का आयोजन हुआ। रात 8 बजे सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज की परंपराओं और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
श्री अजमीढ़ भवन में होगा मुख्य आयोजन
श्री अजमीढ़ जयंती महोत्सव का मुख्य आयोजन बिजौलिया स्थित श्री अजमीढ़ भवन में होगा। ऊपरमाल क्षेत्र के तहसील स्तरीय इस कार्यक्रम में समाज के लोगों ने उत्साह से भाग लिया।शोभायात्रा में पुरुष सफेद वस्त्र और महिलाएं लाल चुनरी पहनकर शामिल हुई। इस अवसर पर शिव सोनी, गोपाल सोनी, नरेश सोनी, कपिल सोनी, प्रहलाद, महावीर, रवि, नंद किशोर, दिनेश, गोरधन सोनी, अंकित, योगेश, सत्तू, गोपाल आदि के साथ समाज के कई लोग उपस्थित थे।