नगर पालिका प्रशासन पर सवालिया निशान: दिवाली पर रोशनी का उलटफेर: दिन में लाइटें चालू, रात में अंधेरा
ललित चावला बिजौलिया | 27 Oct 2026
बिजौलिया। कस्बे में नगर पालिका की प्रकाश व्यवस्था सवालों के घेरे में है। कहीं दिन के उजाले में हाईमास्ट लाइटें जलकर बिजली खर्च कर रही हैं, तो कहीं रात होते ही गली-मोहल्ले अंधेरे में डूब जाते हैं। रोडवेज बस स्टैंड पर पिछले चार दिनों से दिनभर हाईमास्ट लाइटें जल रही हैं, लेकिन जिम्मेदारों का इस ओर ध्यान नहीं है। वहीं, मेवाड़ा गेस्ट हाउस से तेजाजी चौक तक लगाई गई लाइटें अब तक चालू नहीं हो पाई हैं। कस्बे के कई मोहल्लों में स्ट्रीट लाइटों के अभाव में लोगों को रात के समय अंधेरे में आवागमन करना पड़ रहा है।
दिवाली के सीजन में जब कस्बे में रोशनी और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था की अपेक्षा है, तब कहीं दिन में बिजली की बर्बादी हो रही है तो कहीं रात में लोग अंधेरे से जूझ रहे हैं। ऐसे में नगर पालिका की निगरानी व्यवस्था और जिम्मेदारों की कार्यशैली पर बड़ा सवाल उठना लाजिमी है। जरूरत इस बात की है कि दिन में जलती लाइटों को बंद कराने के साथ बंद और अधूरी प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त कर लोगों को राहत दी जाए।