LIVE खेत में करंट लगने से किसान की मौत: मोटर चलाने गया 30 वर्षीय किसान, करंट ने छीन ली जिंदगी
ललित चावला बिजौलिया | 01 Nov 2026
बिजौलिया। ब्लॉक के लक्ष्मीखेड़ा गांव में रविवार सुबह खेत पर फसल की सिंचाई करने गए एक किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर से गांव में शोक की लहर छा गई।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीखेड़ा निवासी ओमप्रकाश (30) पुत्र शोभालाल धाकड़ रविवार सुबह खेत पर फसल की सिंचाई के लिए मोटर चालू करने गया था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। थोड़ी देर बाद जब उसकी मां खेत पर पहुंची तो ओमप्रकाश मोटर के नजदीक अचेत अवस्था में पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर मां के होश उड़ गए। चीखपुकार सुनकर आस पास मौजूद लोग इकट्ठा हुए।
परिजन आनन-फानन में उसे बिजौलिया उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर बिजौलिया पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने मृतक के भाई नरेश की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।