जनसुविधाओं को प्राथमिकता देंगे सरपंच शंकर लाल मीणा: पुस्तकालय निर्माण की घोषणा, एंबुलेंस सुविधा शुरू कराने और शिक्षकों के रिक्त पद भरवाने का लिया संकल्प
ललित चावला बिजौलिया | 04 Nov 2026
बिजौलिया। श्यामपुरा ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंच शंकर लाल मीणा ने पदभार ग्रहण करते ही गांव के विकास और आमजन की बुनियादी सुविधाओं को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। शिक्षा और चिकित्सा को गांव के विकास की मजबूत नींव बताते हुए उन्होंने बच्चों के लिए पुस्तकालय निर्माण, सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पद भरवाने, चिकित्सक की नियुक्ति कराने और एंबुलेंस सुविधा शुरू करवाने का संकल्प लिया। उनकी इन घोषणाओं से ग्रामीणों में विकास की नई उम्मीद जगी है।
पदभार ग्रहण के बाद संवाददाता से बातचीत में सरपंच शंकर लाल मीणा ने बताया कि गांव में रेफरल अस्पताल तो संचालित है, लेकिन चिकित्सक के अभाव में ग्रामीणों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। एक चिकित्सक को डेपुटेशन पर अन्य स्थान पर लगा रखा है। ऐसे में उनकी पहली प्राथमिकता अस्पताल में चिकित्सक की नियुक्ति करवाकर ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना रहेगी। उन्होंने गांव में जल्द एंबुलेंस सुविधा शुरू करवाने की प्रतिबद्धता भी जताई, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सके।
इसके साथ ही बच्चों की पढ़ाई को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गांव में पुस्तकालय खोलने की घोषणा की। सरकारी विद्यालयों में लंबे समय से रिक्त चल रहे शिक्षकों के पद भरवाने के लिए भी प्रयास करने की बात कही। सरपंच ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर शिक्षा और चिकित्सा सहित आमजन से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना तथा गांव का चहुंमुखी विकास करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
समारोह में उपसरपंच महेंद्र मीणा सहित वार्ड पंचों ने भी पदभार ग्रहण कर पंचायत की जिम्मेदारी संभाली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रधान गोपाल मालवीय रहे। इस दौरान जालिंद्री सरपंच ओमप्रकाश मीणा, मांगटला सरपंच पूजा मीणा सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।