लक्ष्मीखेड़ा सरपंच सुरेश भील ने संभाला कार्यभार: कहा-मोक्षधाम की चारदीवारी और टीनशेड बनवाना रहेगी प्राथमिकता, गांव में सड़क-नाली के विकास पर भी होगा फोकस

ललित चावला बिजौलिया | 04 Nov 2026

कहा-मोक्षधाम की चारदीवारी और टीनशेड बनवाना रहेगी प्राथमिकता, गांव में सड़क-नाली के विकास पर भी होगा फोकस

सरपंच सुरेश भील और उपसरपंच कैलाश धाकड

बिजौलिया। ग्राम पंचायत लक्ष्मीखेड़ा के नवीन पंचायत भवन में बुधवार को नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच एवं वार्ड पंचों का पदभार ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। समारोह में ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों की मौजूदगी में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने विधिवत कार्यभार संभाला। इस दौरान ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

नवनिर्वाचित सरपंच सुरेश भील ने पदभार ग्रहण करने के बाद गांव के विकास को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ जनसमस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांव के मोक्षधाम की स्थिति सुधारना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके तहत मोक्षधाम की जगह पर चारदीवारी का निर्माण करवाने के साथ टीनशेड लगाकर उसे व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाया जाएगा, ताकि अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।

पदभार समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधि और ग्रामीण

पदभार समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधि और ग्रामीण

वहीं नवनिर्वाचित उपसरपंच कैलाश धाकड़ ने कहा कि वर्तमान में ग्रामीणों को श्मशान स्थल तक पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में गांव में सड़क निर्माण, नालियों की व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। समारोह में उपसरपंच कैलाश धाकड़, वार्ड पंच, ग्राम विकास अधिकारी आनंद आलोरिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news