उमा जी का खेड़ा सरपंच दुर्गालाल कराड़ ने किया पदभार ग्रहण : विकास कार्यों को लेकर जताई प्रतिबद्धता बच्चों के लिए खेल मैदान विकसित करना रहेगी प्राथमिकता
ललित चावला बिजौलिया | 04 Nov 2026
बिजौलिया। पंचायत समिति बिजौलिया की ग्राम पंचायत उमा जी का खेड़ा में नवनिर्वाचित सरपंच दुर्गा लाल कराड़ ने आज विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के बाद सरपंच दुर्गा लाल ने संवाददाता से बातचीत करते हुए अपनी प्राथमिकताओं और आगामी विकास योजनाओं को साझा किया। उन्होंने बताया कि गांव के बच्चों के लिए खेल मैदान विकसित करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को खेलकूद के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें और बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिले।
सरपंच ने गांव में स्वच्छ पेयजल की नियमित एवं रोजाना आपूर्ति सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता भी जताई। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को पेयजल संबंधी समस्याओं से राहत दिलाने के साथ ही गांव में नाली निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता से करवाया जाएगा। इससे गांव की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और जलभराव जैसी समस्याओं से भी निजात मिल सकेगी।
उन्होंने ग्राम पंचायत क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम करने की बात कही। वहीं उपसरपंच गिरधारी शर्मा ने भरोसा दिलाया कि गांव की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्य करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की समस्त जनहितकारी योजनाओं का लाभ सभी लोगों तक पहुंचे इस पर फोकस रहेगा।
इस दौरान नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि, पूर्व सरपंच चंद्र रेखा धाकड़, दिनेश धाकड़, मुकेश धाकड़, मांगीलाल किराड़, प्रकाश किराड़, रामस्वरूप किराड़, दिनेश धाबाई, वीडीओ अशोक जांगिड़सहित गांव के अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।