पटाखा बाजार पर प्रशासन की सख्ती: एक लाइसेंस पर एक ही दुकान, नियमों की अनदेखी पर होगी कानूनी कार्रवाई
ललित चावला बिजौलिया | 05 Nov 2026
बिजौलिया। दीपावली पर्व पर कस्बे के सभी पटाखा लाइसेंसधारी व्यापारी 1 नवंबर से 10 नवंबर तक विजय सागर तालाब के नजदीक निर्धारित छोटे मैदान में ही अपनी दुकानें लगा सकेंगे।
एसडीएम सीएल शर्मा ने बताया कि पटाखा बिक्री के लिए जारी किए गए प्रत्येक अस्थायी लाइसेंस की मौके पर जांच की जाएगी। प्रशासन की स्पष्ट हिदायत है कि एक लाइसेंस पर केवल एक ही दुकान या काउंटर संचालित किया जा सकेगा। कोई भी व्यापारी एक लाइसेंस की आड़ में एक से अधिक दुकानें नहीं लगा सकेगा। प्रत्येक दुकान पर लाइसेंस उपलब्ध रखना अनिवार्य होगा, जिसे प्रशासनिक अधिकारी जांच के दौरान देखेंगे।
एसडीएम ने कहा कि सभी व्यापारियों को पटाखा बिक्री से संबंधित निर्धारित गाइडलाइन और सुरक्षा नियमों की पूरी पालना करनी होगी। नियमों का उल्लंघन करने, बिना लाइसेंस दुकान लगाने अथवा एक लाइसेंस पर एक से अधिक काउंटर संचालित करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित व्यापारी का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।