पुलिस ने गरीब परिवारों के घर पहुंचाई दीपावली की मिठास: बच्चों के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान, सर्दी से पहले कंबल वितरण की घोषणा की, कास्या चौकी की सराहनीय पहल
ललित चावला बिजौलिया | 08 Nov 2026
बिजौलिया। दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने का भी संदेश देता है। इसी भावना को साकार करते हुए बिजौलिया पुलिस थाना की कास्या चौकी के पुलिसकर्मियों ने इस दीपावली पर एक ऐसी मानवीय पहल की, जिसने पुलिस की वर्दी के पीछे छिपे संवेदनशील और सेवाभावी चेहरे को सामने ला दिया।
कास्या चौकी प्रभारी नरेश शर्मा के नेतृत्व में चौकी स्टाफ ने दीपावली के अवसर पर कांस्या गांव के आसपास स्थित डेरों में रहने वाले गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर मिठाई वितरित की। पुलिसकर्मियों को अपने घरों के दरवाजे पर मिठाई लेकर आया देखकर परिवारों में खुशी का माहौल बन गया। खासकर नन्हे-मुन्ने बच्चों के चेहरों पर मिठाई पाते ही मुस्कान खिल उठी। पुलिसकर्मियों ने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके साथ खुशियां साझा कीं।
पहचान वालों से मिले मिठाई के डिब्बे जरूरतमंदों तक पहुंचाए
चौकी प्रभारी एएसआई नरेश शर्मा ने बताया कि दीपावली के अवसर पर परिचित लोगों की ओर से चौकी पर मिठाई के डिब्बे भिजवाए गए थे। इस बार चौकी स्टाफ ने आपसी सहमति से एक अलग पहल करने का निर्णय लिया। स्टाफ ने तय किया कि मिठाई के इन डिब्बों को चौकी तक सीमित रखने के बजाय उन परिवारों तक पहुंचाया जाए, जो आर्थिक अभाव के कारण त्योहार की खुशियों से वंचित रह जाते हैं। इस दौरान कांस्टेबल शिवपाल, हेमाराम, नरेंद्र और रणजीत आदि मौजूद रहे।
सर्दी से पहले जरूरतमंदों को मिलेंगे कंबल, थाना प्रभारी ने की घोषणा
दीपावली पर मिठाई वितरण के दौरान बिजौलिया थाना प्रभारी सीआई स्वागत पांड्या ने एक और सराहनीय पहल की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सर्दी का मौसम शुरू होने से पहले क्षेत्र के गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों को कंबल वितरित किए जाएंगे, ताकि ठंड के मौसम में उन्हें राहत मिल सके। इस पहल का उद्देश्य केवल त्योहार पर खुशियां बांटना ही नहीं, बल्कि आने वाले सर्दी के दिनों में भी जरूरतमंद परिवारों की मदद करना है। पुलिस की इस घोषणा से गरीब परिवारों को राहत की उम्मीद जगी है।
वर्दी से नहीं, व्यवहार से बनती है पहचान
पुलिस की इस पहल ने यह संदेश दिया कि पुलिस का दायित्व केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद और कमजोर वर्गों के साथ खड़े रहना भी है। जब पुलिसकर्मी अपने व्यस्त समय से निकलकर किसी जरूरतमंद के घर खुशियां बांटने पहुंचते हैं तो आमजन और पुलिस के बीच विश्वास का रिश्ता भी मजबूत होता है।कास्या चौकी स्टाफ की इस पहल की क्षेत्रवासियों ने जमकर सराहना की।