पटाखों की चिंगारी से धान मंडी में लगी आग: कई पेड़ जलकर खाक, दमकल ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
ललित चावला बिजौलिया | 09 Nov 2026
बिजौलिया। कस्बे में दीपावली पर्व पर आतिशबाजी के दौरान रविवार रात कृषि उपज मंडी परिसर में आग लग गई। सूखी घास में पटाखे की चिंगारी गिरने से शुरू हुई आग ने धीरे-धीरे विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आने से मंडी परिसर में लगे कई पेड़ जलकर खाक हो गए।
जानकारी के अनुसार रविवार रात दीपावली के अवसर पर कस्बे में जगह-जगह आतिशबाजी की जा रही थी। इसी दौरान कृषि उपज मंडी परिसर में पड़ी सूखी घास पर ऊपर से आकर गिरे किसी पटाखे की चिंगारी से आग लग गई। शुरुआत में आग हल्की थी, लेकिन सूखी घास होने के कारण कुछ ही देर में आग तेजी से फैलने लगी। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर पालिका प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद मांडलगढ़ से दमकल वाहन बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।आग से मंडी परिसर में लगे कई पेड़ जलकर खाक हो गए।
इस घटना के बाद एक बार फिर बिजौलिया कस्बे में दमकल वाहन की स्थायी सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आगजनी जैसी घटनाओं के दौरान दूसरे कस्बे से दमकल वाहन आने में समय लगता है। ऐसे में आग को शुरुआती स्तर पर नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से कस्बे में शीघ्र दमकल वाहन उपलब्ध कराने की मांग की है।