एसएचओ लोकपाल सिंह का उदयपुर ट्रांसफर स्थगित,: बिजौलिया थाने में सेवाएं जारी, लोगों में खुशी का माहौल
ललित चावला बिजौलिया | 14 Nov 2025
बिजौलिया। बिजौलिया पुलिस थाना प्रभारी सीआई लोकपाल सिंह का हाल ही में हुआ उदयपुर रेंज में ट्रांसफर निरस्त कर दिया गया है। नए आदेशों के अनुसार अब लोकपाल सिंह अपनी सेवाएं अनवरत बिजौलिया थाने में ही देते रहेंगे। इस खबर से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले ही सीआई लोकपाल सिंह का ट्रांसफर अजमेर रेंज से उदयपुर रेंज में कर दिया गया था। अचानक हुए इस तबादले से आमजन में आश्चर्य की स्थिति बन गई थी। क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता और सख्त कार्यशैली को देखते हुए लोग उनके जाने से खासी निराशा महसूस कर रहे थे।
लोकपाल सिंह की छवि बिजौलिया क्षेत्र में दबंग और निष्पक्ष पुलिस अधिकारी के रूप में जानी जाती है। उनके कार्यकाल के दौरान कई अंतराज्यीय गैंग के बदमाशों को पकड़कर हवालात में डाला गया। अपराधियों में उनके नाम का भय और आमजन में विश्वास का माहौल बना रहा। पिछले डेढ़ वर्ष में बिजौलिया क्षेत्र में अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
बता दें कि अक्टूबर माह में ही एसआई से सीआई (थ्री स्टार) पद पर उनका प्रमोशन हुआ था। एक माह की ट्रेनिंग पूरी कर ड्यूटी ज्वाइन करने के चार दिन बाद ही उनका उदयपुर रेंज में ट्रांसफर हो गया था। लेकिन अब पुलिस विभाग द्वारा जारी नए आदेश में उनका ट्रांसफर स्थगित कर दिया गया है।
स्थगन आदेश की जानकारी मिलते ही क्षेत्रवासियों में हर्ष और संतोष का वातावरण बन गया है। लोगों का कहना है कि लोकपाल सिंह की कार्यशैली से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी है और उनके रहते आमजन में सुरक्षा की भावना और प्रबल होती है।