बिजौलिया के युवाओं का सेना में चयन: मांड्यारेडी के भोलू बंजारा सहित तीन युवाओ का इंडियन आर्मी में चयन, गांवों में निकले विजय जुलूस

ललित चावला बिजौलिया | 14 Dec 2025

 मांड्यारेडी के भोलू बंजारा सहित तीन युवाओ का इंडियन आर्मी में चयन, गांवों में निकले विजय जुलूस

बिजौलियां। माल का खेड़ा पंचायत के मांड्यारेडी गांव के एक युवा का शनिवार को घोषित हुए परिणाम में इंडियन आर्मी में चयन होने से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। मांड्यारेडी निवासी भोलू बंजारा पुत्र लक्ष्मण बंजारा का भारतीय सेना में सिपाही के पद पर चयन हुआ है। भोलू के चयन की खबर मिलते ही गांव में उत्सव का माहौल बन गया।

ग्रामीण अनिल बंजारा ने बताया कि भोलू छात्र जीवन से ही अनुशासित, मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहा है। उसने शुरू से ही भारतीय सेना में भर्ती होने का संकल्प लिया था और उसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए पूरे वर्ष लिखित परीक्षा एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा की कठोर तैयारी की। उसकी मेहनत और लगन का परिणाम आज पूरे गांव के लिए गर्व का विषय बन गया है। सेना में चयन की खुशी में मांड्यारेडी गांव में भव्य विजय जुलूस निकाला गया। जुलूस में ग्रामीण देशभक्ति के गीतों पर झूमते नजर आए और भारत माता की जय के जयकारे लगाते हुए गांव की गलियों से होकर गुजरे। चयनित युवा भोलू बंजारा का जगह-जगह पुष्प मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया तथा ग्रामीणों ने गले मिलकर उसे शुभकामनाएं दीं।

इसी तरह बिजौलिया क्षेत्र के भोपतपुरा गांव से भी दो युवाओं राहुल बंजारा पुत्र जोधराज और अरुण बंजारा पुत्र रायसिंह का भारतीय सेना में सिपाही के पद पर चयन हुआ है। तीनों युवाओं के चयन से बिजौलिया क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है।

Share this news:
Facebook WhatsApp