गौ रक्षक शहीद श्री मुरलीधर बोहरा को दी श्रद्धांजलि: भामाशाहों का किया सम्मान, चरागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए देंगे ज्ञापन
ललित चावला बिजौलिया | 20 Dec 2025
बिजौलिया। मंडोल बांध के नजदीक स्थित गौ रक्षक शहीद श्री मुरलीधर बोहरा गौशाला प्रांगण में आज शहीद मुरलीधर बोहरा की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में उपस्थित गौ सेवकों ने उनके चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की।
सभा को संबोधित करते हुए गौशाला संचालक रामफूल धाकड़ ने कहा कि आज ही के दिन 20 दिसंबर 1999 को जोधपुर जिले के फलोदी रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी में गौ तस्करी की सूचना पा कर बोहरा अपने गौ सेवक साथियों के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचे और ट्रेन को रुकवा कर उसमें भरे हुए 1784 गोवंश को मुक्त करवाया, इस दौरान तस्करों के हमले में मुरलीधर बोहरा वीरगति को प्राप्त हो गए थेl रामफूल धाकड़ ने कहा कि हम सभी को उनके पदचिन्हों पर चलते हुए गौ रक्षा एवं गौ सेवा हेतु सदैव तत्पर रहना हैl
भामाशाहों का किया सम्मान
पंकज विजयवर्गीय को पिछले तीन वर्षों से लगातार गौवंश के लिए पशु आहार भेंट करने, शंभूलाल माली को गौवंश के छाया हेतु दस टीनशेड भेंट करने, शंकर लाल धाकड़ व मदनलाल धाकड़ को गौवंश के पानी के लिए गौशाला में बोरिंग खुदवाने हेतु माल्यार्पण कर पगड़ी बंधवाकर स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस दौरान आगामी 5 जनवरी को ऊपरमाल क्षेत्र के समस्त गौ प्रेमियों को साथ लेकर बिजोलियां उपखंड क्षेत्र के सभी राजस्व गांवो की चारागाह (गोचर) भूमियों का सीमांकन करवा कर अतिक्रमण मुक्त करवाने हेतु उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देने का भी निर्णय लिया गया। कार्यक्रम में निलेश सनाढ्य, शैतान प्रजापत, उमेश शर्मा, आदर्श सोनी, आदित्य गौड़, हरीश देवानी, श्यामलाल गाडोलिया, दीपक गौड़, राहुल धाकड़, त्रिलोक सिंह पंवार, बाबूलाल नायक, सार्थक विजय, गज्जू लुहार, वरदान नायक, सागर दशलानियां, विनोद बंजारा सहित कई गो सेवक मौजूद थे।