मुख्यमंत्री के मांडलगढ़ दौरे पर कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल: खाद संकट और अवैध खनन पर सरकार की चुप्पी पर जताई चिंता
ललित चावला बिजौलिया | 22 Dec 2025
बिजौलियाl माण्डलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव भूपेंद्र सिंह पूरावत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के माण्डलगढ़ दौरे को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा 323 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाना स्वागतयोग्य है, लेकिन माण्डलगढ़ की वर्षों पुरानी और ज्वलंत समस्याओं पर सरकार की चुप्पी चिंताजनक है।
पूरावत ने कहा कि माण्डलगढ़ क्षेत्र के किसान आज भी यूरिया खाद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। खेती के सीजन में खाद की किल्लत ने किसानों की कमर तोड़ दी है, लेकिन इस गंभीर समस्या पर न तो मुख्यमंत्री ने कोई ठोस बात की और न ही स्थानीय विधायक ने कोई समाधान प्रस्तुत किया।
उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन और बजरी माफियाओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे न केवल पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है, बल्कि आमजन का जीवन भी प्रभावित हो रहा है। बावजूद इसके, सरकार और जनप्रतिनिधियों की ओर से इस मुद्दे पर कोई स्पष्ट नीति या कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
भूपेंद्र सिंह पूरावत ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब तक माण्डलगढ़ की मूल समस्याओं—किसानों की खाद संकट, अवैध खनन और बजरी माफियाओं पर नियंत्रण—का समाधान नहीं होगा, तब तक केवल लोकार्पण और शिलान्यास से आम जनता को राहत नहीं मिलने वाली। उन्होंने सरकार से मांग की कि क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को प्राथमिकता देकर उनका स्थायी समाधान किया जाए।