बिजौलिया पुलिस की बड़ी सफलता, ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी गिरोह का पर्दाफाश: हरियाणा के फतेहाबाद से चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद, दो शातिर चोर गिरफ्तार

ललित चावला बिजौलिया | 24 Dec 2025

हरियाणा के फतेहाबाद से चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद, दो शातिर चोर गिरफ्तार

बिजौलिया  पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा किया हैl  बिजौलिया थाना क्षेत्र से चोरी हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को हरियाणा के फतेहाबाद से बरामद कर पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को चोरी का माल बेचने से पहले ही दबोच लिया। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह ने बताया कि बीती 12 दिसंबर को बिजौलिया निवासी गोपाल प्रजापत ने उनका महिन्द्रा ट्रैक्टर मय ट्रॉली (RJ51RA5860) 11 दिसंबर की रात्रि को नायरा पेट्रोल पम्प बिजौलिया से चोरी होने की एक रिपोर्ट दी थीl 

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नायरा पेट्रोल पम्प सहित आसपास के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों का गहन अवलोकन किया, रूट मैप तैयार किया और लगातार पीछा करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।  पुलिस टीम फतेहाबाद (हरियाणा) पहुंची और वहां से चोरी हुआ ट्रैक्टर-ट्रॉली दो व्यक्तियों के कब्जे से बरामद कर लिया गया। मौके पर पूछताछ में आरोपियों ने बिजौलिया से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी करना स्वीकार किया तथा उसे बेचने के उद्देश्य से हरियाणा लाना बताया। पुलिस ने दोनों आरोपी गोपाल (37) पुत्र खेम सिंह बंजारा, निवासी फुलेता थाना नैनवा जिला बूंदी, हाल ओनार की झोपड़िया थाना सदर बूंदी और मंगल सिंह बंजारा (24) पुत्र प्रभुलाल, निवासी चीता की झोपड़िया (भजनेरी) थाना देई जिला बूंदी को मौके से गिरफ्तार कर बिजौलिया लाएl 

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गोपाल बंजारा एक आदतन अपराधी है, जो भैंस चोरी सहित अन्य कई मामलों में वांछित रहा है। पूछताछ के दौरान उसने फरवरी 2025 में केसरगंज बिजौलिया से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी, ग्राम झांतला सिंगोली से ट्रैक्टर चोरी तथा थाना नैनवा क्षेत्र से भैंस चोरी जैसी कई वारदातें स्वीकार की हैं। आरोपी के खिलाफ बूंदी कोतवाली, नैनवा, करधनी जयपुर शहर, नगरफोर्ट टोंक और बिजौलिया थानों में विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं।इस पूरे मामले के सफल खुलासे में थानाधिकारी सीआई स्वागत पाण्ड्या, हेड कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल राजवीर और देवीसिंह का सराहनीय योगदान रहा।

Share this news:
Facebook WhatsApp