डॉ देवेंद्र मेवाड़ा की स्मृति में रक्तदान शिविर कल: बिजौलिया में 13वां रक्तदान शिविर, लोगों में उत्साह
ललित चावला बिजौलिया | 02 Jan 2026
बिजौलिया | कस्बे की देवेंद्र मेवाड़ा मेमोरियल संस्थान की ओर से शनिवार को 13वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर स्थानीय नटराज हॉस्पिटल में आयोजित किया जाएगा। शिविर को लेकर संस्थान की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। संस्थान के चंद्रशेखर मेवाड़ा ने बताया कि रक्तदान शिविर में भीलवाड़ा की अरिहंत ब्लड बैंक की विशेषज्ञ टीम मौजूद रहेगी, जो रक्त संग्रहण एवं चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का कार्य संभालेगी।
शिविर में रक्तदाताओं के लिए सभी आवश्यक स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि देवेंद्र मेवाड़ा मेमोरियल संस्थान द्वारा लगातार 13वी बार आयोजित रक्तदान शिविर के माध्यम से अब तक 2500 से अधिक जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा चुकी है, जो संस्थान की सेवा भावना और सामाजिक सरोकार को दर्शाता है। संस्थान ने क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान देने की अपील की है। रक्तदान को लेकर कस्बे में उत्साह का माहौल बना हुआ है।