पथिक प्रीमियर लीग : बिजौलिया में रात्रिकालीन क्रिकेट का महाकुंभ कल से, विजेता को मिलेंगे 51 हजार नकद, रोशनी से सजा ग्राउंड

ललित चावला बिजौलिया | 04 Jan 2026

बिजौलिया में रात्रिकालीन क्रिकेट का महाकुंभ कल से, विजेता  को मिलेंगे 51 हजार नकद, रोशनी से सजा ग्राउंड

बिजौलिया। ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और युवाओं में खेल भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से पथिक क्लब, बिर्जीलिया द्वारा पथिक प्रीमियर लीग (PPL) के तहत रात्रिकालीन ओपन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन  सोमवार शाम से पथिक ग्राउंड, बिजौलिया में होगाl प्रतियोगिता में चार जिलों की दर्जनों टीमें भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि माण्डलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक गोपाल खण्डेलवाल रहेंगे। आयोजक मंडल के रवि चंद्रवल एवं रवि सोनी ने बताया कि उद्घाटन समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। खिलाड़ियों और दर्शकों के स्वागत हेतु मैदान को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।पथिक प्रीमियर लीग में क्षेत्र की नामचीन एवं उभरती हुई टीमों के बीच कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। आकर्षक लाइटिंग व्यवस्था में खेले जाने वाले रात्रिकालीन मैच दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे, जिससे खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। पथिक क्लब के विशाल मेवाड़ा ने बताया कि प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में विजेता टीम को 51 हजार रुपये एवं उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज सहित दर्जनों व्यक्तिगत एवं टीम पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

गौरतलब है कि यह सीमित ओवर की रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का छठा सीजन हैl पूरे खेल मैदान को भव्य लाइटिंग एवं स्पोर्ट्स थीम आधारित चित्रों से सजाया गया है। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Share this news:
Facebook WhatsApp