सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत, साथी गंभीर घायल: मंडोल से सतकुड़िया जाते समय हुआ हादसा, 10 दिन पहले ही हुआ था मृतक का विवाह
ललित चावला बिजौलिया | 06 Jan 2026
मृतक राजू मीणा
बिजौलिया। पुलिस थाना क्षेत्र बिजौलिया में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बिजौलिया कस्बे से करीब दो किलोमीटर दूर मंडोल बांध के समीप स्थित एक विकट मोड़ पर हुआ। हेड कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मंडोल निवासी राजू (25) पुत्र गोपाल मीणा अपने साथी दिलखुश (26) पुत्र नानाराम बंजारा के साथ बाइक से सोमवार शाम को मंडोल से सतकुड़िया किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान बिजौलिया कस्बे के निकट स्टेट हाइवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों युवक सड़क पर जा गिरे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना में बाइक चला रहे राजू के सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही हालत नाजुक हो गई। मृतक का एक पैर भी बुरी तरह कुचला हुआ थाl दोनों घायलों को तत्काल बिजौलिया उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजू को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दिलखुश का अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी। बताया गया कि मृतक राजू का मात्र 10 दिन पूर्व ही नाता विवाह हुआ था। परिवार में माता-पिता और नवविवाहिता पत्नी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।