विद्यार्थियों का राणाप्रताप हाइड्रॉलिक पावर प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण: विज्ञान और तकनीक कि बारीकियां सीखी
ललित चावला बिजौलिया | 12 Jan 2026
बूंदीl डाबी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत रावतभाटा स्थित राणाप्रताप हाइड्रॉलिक पावर प्लांट का सोमवार को शैक्षणिक भ्रमण किया। भ्रमण में आईटी एवं सिक्योरिटी ट्रेड के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य रूबीना बानो ने विद्यार्थियों को हरी झंडी दिखाकर भ्रमण के लिए रवाना किया।
भ्रमण के दौरान पावर प्लांट के अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को हाइड्रॉलिक पावर प्लांट की कार्यप्रणाली, जल से विद्युत उत्पादन की प्रक्रिया, टरबाइन एवं जनरेटर की संरचना, नियंत्रण कक्ष की भूमिका सहित विद्युत उत्पादन से जुड़ी तकनीकी जानकारियां दी गईं। इसके साथ ही विद्यार्थियों को आईटी सिस्टम, डेटा प्रबंधन तथा प्लांट में अपनाई जाने वाली आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
इस शैक्षणिक यात्रा में विद्यालय के व्याख्याता हरीश महावर, शारीरिक शिक्षक महावीर मेहरा, आईटी ट्रेनर सौरभ यादव तथा सिक्योरिटी ट्रेनर नीलम गांधी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे।