स्वामी विवेकानंद जयंती मनाई: उमाजी का खेड़ा स्कूल में श्रद्धा व उत्साह से मनाया गया जन्मोत्सव
ललित चावला बिजौलिया | 12 Jan 2026
बिजौलिया ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय उमाजी का खेड़ा में सोमवार को महान विचारक, समाज सुधारक एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के संस्था प्रधान कुलदीप केलानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन, उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का संदेश आज भी युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और सेवा भाव के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में शिक्षक कमलेश मीणा, रामकेश मीणा, विनोद पटवा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। पीटीआई सोहराब हुसैन द्वारा विद्यार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक विकास के महत्व पर जानकारी दी गई। इस दौरान चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अर्जुन कुमार शाक्यवाल सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित होकर देश व समाज सेवा का संकल्प लिया।