बिजौलिया में मतदाता पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस का ज्ञापन: मतदाता पुनरीक्षण में नियम विरुद्ध बल्क फॉर्म जमा करने का आरोप
ललित चावला बिजौलिया | 16 Jan 2026
बिजोलिया कस्बे में शुक्रवार को मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन ब्लॉक समन्वयक कैलाश चौधरी के नेतृत्व में दिया गया, जिसमें मतदाता पुनरीक्षण (SIR) के दौरान बिना किसी ठोस कारण एवं विवरण के बड़ी संख्या में फॉर्म 7 जमा किए जाने पर तुरंत हस्तक्षेप की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि राजस्थान प्रदेश में मतदाता पुनरीक्षण की प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित की जा रही है। 12 दिसंबर को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है तथा दावे एवं आपत्तियां दर्ज करने की अवधि 15 जनवरी तक निर्धारित रही। कांग्रेस कमेटी ने इलेक्ट्रोल मैनुअल 2023 के पैरा संख्या 11.3.2 (2) का हवाला देते हुए कहा कि नियमानुसार बल्क आवेदन स्वीकार नहीं किए जा सकते। व्यक्तिगत मतदाता केवल एक ही फॉर्म प्रस्तुत कर सकता है, जबकि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के BLA-2 प्रतिदिन अधिकतम 10 फॉर्म ही जमा कर सकते हैं। प्रत्येक फॉर्म में मतदाता की संपूर्ण जानकारी, मोबाइल नंबर, साक्ष्य एवं अंडरटेकिंग संलग्न होना आवश्यक है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि एसडीएम कार्यालय में नियमों के विरुद्ध एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं द्वारा एक ही दिन में सैकड़ों से लेकर हजारों की संख्या में फॉर्म 6 व 7 बल्क में जमा किए गए हैं, जो निर्वाचन आयोग के निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है। कांग्रेस कमेटी ने मांग की कि ऐसे सभी नियम विरुद्ध जमा किए गए फॉर्म 6, 7 एवं 8 पर किसी भी प्रकार का संज्ञान नहीं लिया जाए तथा उनकी संकलित सूची नियम अनुसार कांग्रेस पार्टी को उपलब्ध करवाई जाए। साथ ही नियमों के उल्लंघन में आवेदन प्रस्तुत करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ करने की मांग भी की गईl इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संगठन महामंत्री शक्ति नारायण शर्मा के साथ ही दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहेl