बिजौलिया में विशाल हिंदू सम्मेलन: भव्य वाहन रैली निकाली, गूंजे भारत माता के जयकारे
ललित चावला बिजौलिया | 17 Jan 2026
बिजौलिया। सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में रविवार को नगर में आयोजित होने वाले विशाल हिंदू सम्मेलन के पूर्व शनिवार को नगर में एक भव्य दुपहिया वाहन रैली का आयोजन किया गया।रैली थानेश्वर महादेव मंदिर से भारत माता के जयघोष के साथ शाम को प्रारंभ हुई। शुभारंभ के अवसर पर बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग उपस्थित रहे।
प्रमुख मार्गों से होकर निकली रैली
वाहन रैली कस्बे के प्रमुख मार्गों सब्जी मंडी, केसरगंज, फूटा कोट, चारभूजा मंदिर, रावला चौक, पालिका चौक, चारण माता मंदिर, बालाजी चौराहा सहित विभिन्न इलाकों से होती हुई पुनः थानेश्वर महादेव मंदिर स्थित सभा स्थल पर संपन्न हुई।
हजारों दुपहिया वाहनों की सहभागिता
रैली में बिजौलिया नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से करीब एक हजार दुपहिया वाहन शामिल हुए। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया। अग्रिम पंक्तियों में बालिकाओं एवं महिलाओं ने केसरिया पगड़ी पहनकर भागीदारी निभाई। वहीं युवाओं में खासा उत्साह और जोश देखने को मिला।
गगनभेदी नारों से गूंजा नगर
भगवा ध्वज लहराते हुए युवाओं ने भारत माता की जय और हिंदू एकता जिंदाबाद के गगनभेदी नारे लगाए, जिससे पूरा नगर धर्ममय वातावरण में रंग गया। आयोजकों के अनुसार रविवार सुबह चारभूजा मंदिर चौक से एक विशाल धार्मिक शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके पश्चात दोपहर में पुलिस थाना बिजौलिया के पास विशाल धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। धर्मसभा में पंचमुखी हनुमान दरबार भट्टों का बामनिया के गुरुदेव महेंद्र भट्ट का प्रेरक उद्बोधन होगा।