बिजौलिया में हर्षौल्लास से मनाया गणतंत्र दिवस समारोह : 37 प्रतिभाओं का किया सम्मान
ललित चावला बिजौलिया | 26 Jan 2026
बिजौलिया। बिजौलिया में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्य समारोह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित हुआl समारोह के मुख्य अतिथि मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में भारतीय संविधान की गरिमा, उसके मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से संविधान के प्रति निष्ठावान रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपखण्ड अधिकारी अजीत सिंह राठौड़ ने की।
नन्हीं कलाकार त्विषा सहित 37 प्रतिभाओं का किया सम्मान
उपखण्ड स्तरीय समारोह में नन्हीं त्विषा नागौरी सहित ब्लॉक की 37 प्रतिभाओं को कला, अभिनय, शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कुल 37 प्रतिभाओं को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीतों एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। देशप्रेम से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर तहसीलदार ललित डीडवानिया, बीडीओ अशेष शर्मा, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी पंकज मंगल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, नगर के गणमान्य नागरिक, विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।