हेड कांस्टेबल से एएसआई बने लक्ष्मण सिंह: क्रमोन्नति के बाद एएसआई लक्ष्मण सिंह की बिजौलिया में वापसी, आमजन में खुशी की लहर
ललित चावला बिजौलिया | 30 Jan 2026
बिजौलिया। बिजौलिया पुलिस थाने में कार्यरत रहे हेड कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह को विभागीय क्रमोन्नति के तहत असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) पद पर पदोन्नत किया गया है। जोधपुर में आयोजित प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने के पश्चात उन्हें एएसआई के रूप में प्रमोशन मिला, जिसके दौरान उनके कंधों पर एक सितारा लगाकर सम्मानित किया गया।
प्रमोशन के बाद भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक द्वारा एएसआई लक्ष्मण सिंह को पुनः बिजौलिया पुलिस थाने में ही पोस्टिंग दी गई है। उनकी दोबारा बिजौलिया में तैनाती की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी का माहौल देखने को मिला।
बता दें कि एएसआई लक्ष्मण सिंह अपनी ऊर्जावान कार्यशैली, साफ-सुथरी छवि और सख्त लेकिन न्यायप्रिय रवैये के लिए बिजौलिया क्षेत्र में विशेष पहचान रखते हैं। अपने अल्प कार्यकाल में ही उन्होंने अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है, जिससे क्षेत्र में अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा की भावना बनी है।
वहीं आम जनता के बीच वे अपने सीधे-सादे, सरल और सहयोगी व्यवहार के कारण लोकप्रिय रहे हैं। उनकी पुनः बिजौलिया में पोस्टिंग को स्थानीय लोगों ने सकारात्मक कदम बताया है और उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। एएसआई लक्ष्मण सिंह की इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग के साथ-साथ क्षेत्रवासियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।