बिजौलिया में बारिश के बाद घना कोहरा, विजिबिलिटी घटी: विजिबिलिटी 300 मीटर से कम, घरों में दुबके लोग

ललित चावला बिजौलिया | 02 Feb 2026

विजिबिलिटी 300 मीटर से कम, घरों में दुबके लोग

बिजौलिया। बिजौलिया कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार देर रात कुछ समय के लिए तेज बारिश हुई। बारिश के बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। सोमवार सुबह से पूरे क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी घटकर करीब 300 मीटर से भी कम रह गई। कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित रहा और लोग घरों में ही दुबके नजर आए।

वाहन चालकों को हुई परेशानी

ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय कोहरे की मोटी चादर छाई रही। खेत-खलिहानों और हरियाली वाले क्षेत्रों में ओस की बूंदें चमकती दिखाई दीं। कोहरे के कारण हाईवे पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन चालक हेडलाइट जलाकर धीमी गति से सफर करते नजर आए, वहीं कई जगहों पर यातायात भी सुस्त रहा। मौसम में आए इस बदलाव से किसानों की चिंता बढ़ने लगी है। अचानक हुई बारिश और कोहरे से फसलों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, कोहरा छाने से गलन का असर कुछ हद तक कम हुआ है, जिससे लोगों ने राहत भी महसूस की। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, ऐसे में किसानों और वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Share this news:
Facebook WhatsApp