लाइट ऑफ लाइफ ट्रस्ट का पालक मेला: 424 अभिभावकों ने खेल-सांस्कृतिक आयोजनों में लिया भाग
ललित चावला बिजौलिया | 03 Feb 2026
बिजौलिया। लाइट ऑफ लाइफ ट्रस्ट द्वारा आनंदो प्रकल्प के अंतर्गत जरूरतमंद बच्चों के माता-पिता के लिए पालक मेला कार्यक्रम आज कस्बे के जागेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बूंदी जिले के गरडदा तथा भीलवाड़ा जिले के बिजौलिया, भोपतपुरा, मकरेड़ी, सलवाटिया और कांस्या सेंटर से जुड़े कुल 424 लाभार्थी बच्चों के अभिभावकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीबीईओ मालीराम यादव रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में बीडीओ अशेष शर्मा, एसीबीईओ कन्हैयालाल शर्मा,देवी लाल गोपाल सोनी तथा मधुसूदन धाकड़ उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के आनंदो अधिकारी राजमल भील ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को उनकी रोजमर्रा की व्यस्त और भाग-दौड़ भरी जिंदगी से अलग एक दिन स्वयं के लिए आनंद और खुशी के साथ जीने का अवसर प्रदान करना रहा। इस अवसर पर अभिभावकों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
ऑडिशन के माध्यम से चयनित माता-पिता ने गुब्बारा दौड़, बोरा दौड़, जलेबी जंप और कुर्सी दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लिया। लोक गायन एवं समूह नृत्य की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को रंगारंग बना दिया।
गुब्बारा दौड़, बोरा दौड़, जलेबी जंप और कुर्सी दौड़ में भोपतपुरा सेंटर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि समूह नृत्य में बिजौलिया सेंटर और लोक गायन में सलवाटिया सेंटर प्रथम रहा। वहीं मकरेड़ी सेंटर की सर्वाधिक भागीदारी रही।
प्रतियोगिताओं में विजेता रहे अभिभावकों को सराहना स्वरूप आकर्षक एवं उपयोगी घरेलू उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लाइट ऑफ लाइफ ट्रस्ट बिजौलिया की आनंदो एपीसी शकुंतला धाकड़ व रवि पाल सहित सभी छह सेंटरों के केंद्र कार्यकारी रेनू कंवर, बेबी वर्मा, सोनल खींची, राकेश मीणा, पवन बैरागी, प्रमोद धाकड़ तथा सभी केंद्रों के एसएफएसईपी शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर अभिभावकों ने लाइट ऑफ लाइफ ट्रस्ट की संस्थापक व ट्रस्टी डॉ. विल्ली मैडम तथा पूरी टीम के प्रति आभार ज्ञापित किया।